तमिलनाडु में सियासी भूचाल, CM विजय पर अपमानजनक टिप्पणी मामले में DMK विधायक मार्कांडेयन गिरफ्तार

पुलिस ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के खिलाफ अपमानजनक और विवादित भाषण देने के आरोप में DMK पार्टी के विधायक जी.वी. मार्कंडेयन को सोमवार को अरेस्ट कर लिया गया. विधायक के समर्थक विरोध प्रदर्शन कर रहे थे और नारे लगा रहे थे. इस विरोध के बावजूद पुलिस की टीम ने उन्हें उनके घर से हिरासत में लिया और बाद में गिरफ्तार कर लिया. ये कार्रवाई सत्ताधारी पार्टी TVK के एक पदाधिकारी की शिकायत पर की गई है, जिसमें विधायक पर मुख्यमंत्री को धमकी देने का आरोप लगाया गया था.

अधिकारी के मुताबिक, पुलिस ने ‘तमिलगा वेट्री कझगम’ (TVK) के पदाधिकारी पी. कासीराम की शिकायत पर मार्कंडेयन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की तीन धाराओं के तहत FIR दर्ज की. इन धाराओं में आपराधिक धमकी, सार्वजनिक शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना और गलत जानकारी फैलाना शामिल है.

18 जुलाई को की थी टिप्पणी

कासीराम ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा था कि 18 जुलाई को जिले के कोविलपट्टी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मार्कंडेयन ने मुख्यमंत्री को धमकी दी थी. उनके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी, जो बेहद आपत्तिजनक थी.

उनकी गिरफ्तारी के वायरल वीडियो में विधायक को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि तमिलनाडु विधानसभा स्पीकर की मंजूरी के बिना उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जा सकता, क्योंकि वो एक विधायक हैं. पुलिस को उन्हें थाने ले जाने के लिए मनाना पड़ा, जबकि उनके समर्थक उनके घर के सामने विरोध प्रदर्शन कर रहे थे.

तूतीकोरिन जिले से किया गया अरेस्ट

मार्कंडेयन DMK के दूसरे विधायक हैं जिन्हें कुछ ही हफ्तों में तूतीकोरिन जिले से अरेस्ट किया गया है. जिले की तिरुचेंदूर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले राज्य के पूर्व मंत्री अनीता आर. राधाकृष्णन को 3 जुलाई को अरेस्ट किया गया था. उन पर आरोप था कि उन्होंने विजय के खिलाफ अपमानजनक भाषण दिया था. DMK ने इस गिरफ्तारी की निंदा की है और सत्ताधारी सरकार पर राजनीतिक बदले की भावना से काम करने का आरोप लगाया है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com