PSL 2026: वैभव सूर्यवंशी को 3 बार आउट करने वाले गेंदबाज ने अब झटकी हैट्रिक, टीम को जिताया मैच


Ali Raza: पाकिस्तान के युवा तेज गेंदबाज अली रजा ने एक बार फिर अपना टैलेंट साबित किया है. दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने पाकिस्तान सुपर लीग में कराची किंग्स के खिलाफ कहर बरपाती हुई गेंदबाजी की. अली रजा ने कराची के खिलाफ 4 विकेट झटके, जिसमें हैट्रिक भी शामिल है. अली रजा ने अपने पहले ही ओवर में डेविड वॉर्नर को कमाल की गेंद पर बोल्ड किया और इसके बाद आखिरी ओवर की आखिरी तीन गेंदों पर उन्होंने तीन विकेट लेकर हैट्रिक झटकी.
अली रजा ने ऐसे ली हैट्रिक
अली रजा ने 20वें ओवर की चौथी गेंद पर खुशदिल शाह को हिट विकेट आउट किया. इसके बाद इस खिलाड़ी ने कमाल की यॉर्कर फेंक शाहिद अजीज को बोल्ड कर दिया. आखिरी गेंद पर अली रजा ने हसन अली को भी बोल्ड कर हैट्रिक पूरी कर ली. इसके साथ ही अली रजा पाकिस्तान सुपर लीग में हैट्रिक झटकने वाले सबसे युवा खिलाड़ी भी बन गए. अली रजा वही गेंदबाज हैं जिन्होंने वैभव सूर्यवंशी को भी काफी परेशान किया है. दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने वैभव सूर्यवंशी को एक नहीं दो नहीं बल्कि तीन-तीन बार आउट किया है.
ALI RAZA HATTRICK
pic.twitter.com/lI3jBAeLa1
— PCT Replays 2.0 (@ReplaysPCT) April 22, 2026
अली रजा का करियर
अली रजा ने फर्स्ट क्लास मैचों में अबतक 6 मुकाबलों में 32 विकेट झटके हैं. वहीं लिस्ट ए में वो 12 मैचों में 17 विकेट निकाल चुके हैं. टी20 में उन्होंने 18 मैचों में 21 विकेट निकाले हैं. पाकिस्तान के मौजूदा सीजन में ये खिलाड़ी 4 मैचों में 9 विकेट निकाल चुका है. अली रजा के पास रफ्तार भी है वो 150 किमी. प्रति घंते तक की स्पीड से गेंदबाजी कर सकते हैं. साफ है पाकिस्तान को एक ऐसा तेज गेंदबाज मिला है जिसे अगर सही दिशा दिखाई जाए तो वो बल्लेबाजों की दशा बिगाड़ सकता है.










