2015 से जेल में बंद, पंजाब का ‘वसूली किंग’… कौन है गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया, जिसकी मां की हत्या हुई?

पंजाब के बटाला में गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां और उसके रिश्तेदार की हत्या कर दी गई. इस डबल मर्डर की जिम्मेदारी बबीहा गैंग ने ली है. अज्ञात हमलावरों ने कार में बैठी जग्गू की मां हरजीत कौर और रिश्तेदार करनवीर सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इस हमले में करनवीर की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं हरजीत कौर ने अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली. इस घटना के बाद पंजाब में फिर गैंगवार की आहट से पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है.

गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया, जो अब लॉरेंस बिश्नोई का कट्टर विरोधी बन चुका है. पंजाब के गुरदासपुर जिले के भगवानपुर गांव का रहने वाला है. एक वक्त था, जब वह एक उम्दा कबड्डी खिलाड़ी माना जाता था, लेकिन वक्त के साथ उसका झुकाव अपराध की दुनिया की ओर हो गया.

2015 से जेल में बंद है जग्गू

 

वर्ष 2015 से जग्गू भगवानपुरिया जेल में बंद है. उसके खिलाफ हत्या, लूट, जबरन वसूली, अवैध हथियारों की सप्लाई और नशा तस्करी जैसे 128 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं. पंजाब में वह वसूली किंग के नाम से कुख्यात है. कनाडा में भी उस पर हत्याओं के आरोप हैं.

जग्गू का नाम पंजाब में चल रहे अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स और हथियार तस्करी नेटवर्क से भी जुड़ा है. माना जाता है कि उसका नेटवर्क पाकिस्तान और कनाडा तक फैला है, और सीमापार से वह नशीले पदार्थों की तस्करी करवाता था. साल 2025 में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे पंजाब की बठिंडा जेल से असम की जेल में शिफ्ट करवाया. दरअसल, पंजाब की जेल में उसे लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जान का खतरा था.

कभी लॉरेंस और गोल्डी थे करीबी दोस्त

 

कभी लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़, जग्गू के करीबी दोस्त माने जाते थे, लेकिन अब इन तीनों के रास्ते अलग हो चुके हैं. लॉरेंस और गोल्डी का आरोप है कि सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के बाद, जग्गू ने ही दो शूटरों की जानकारी पंजाब पुलिस को दी थी. इसी आरोप के बाद इन दोनों ने उससे दूरी बना ली. हालांकि, जग्गू खुद भी सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड का आरोपी है और उस केस में उसकी भूमिका की जांच चल रही है.

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com