उत्तर प्रदेश: पुलिस के सामने राहुल गांधी का फूंका पुतला, भाजयुमो का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, AI समिट पर जताया विरोध

सुल्तानपुर: सुल्तानपुर जिले में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) युवा मोर्चा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंका. कार्यकर्ताओं ने इस दौरान नारेबाजी की और कलेक्ट्रेट में सिटी मजिस्ट्रेट को एक ज्ञापन सौंपा.

आपको बता दें यह प्रदर्शन भारत मंडपम में आयोजित AI इम्पैक्ट समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा कथित अभद्र प्रदर्शन और देश की छवि धूमिल करने के विरोध में किया गया. भाजपा युवा मोर्चा ने कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया. सुल्तानपुर में कलेक्ट्रेट गेट के सामने नगर कोतवाल सहित कई पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में यह प्रदर्शन हुआ. भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष चंदन नारायण सिंह के नेतृत्व और प्रदेश महामंत्री हर्षवर्धन सिंह की अगुवाई में सैकड़ों पदाधिकारियों ने राहुल गांधी का प्रतीकात्मक पुतला फूंका.

जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट प्रीति जैन को सौंपा

प्रदर्शन के दौरान “गली-गली में शोर है, राहुल गांधी चोर है” और “राहुल गांधी मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए गए। इसके बाद, कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट प्रीति जैन को सौंपा. ज्ञापन में मांग की गई है कि इस घटना के पीछे के मुख्य सूत्रधारों की पहचान की जाए और भविष्य में ऐसे अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

कांग्रेस को यह बात अखर रही है कि प्रधानमंत्री कैसे इतनी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं- प्रदेश महामंत्री

भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हर्षवर्धन सिंह ने इस दौरान कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में देश की स्थिति खराब थी, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले दस सालों में भारत का मान बढ़ाया है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को यह बात अखर रही है कि प्रधानमंत्री कैसे इतनी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं. उन्होंने दिल्ली में चार दिन पहले हुई AI समिट का भी जिक्र किया, जिसमें दुनिया की बड़ी कंपनियों के सीईओ और एमडी शामिल हुए थे.

close