नांगलोई में दवा दुकानों पर छापेमारी, 10 फर्म नियम उल्लंघन में पाई गईं, 49 सैंपल जांच के लिए भेजे

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में नकली और घटिया दवाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए ड्रग्स कंट्रोल डिपार्टमेंट ने नांगलोई इलाके में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान 12 दवा रिटेलर्स का निरीक्षण किया गया, जिनमें से 10 फर्म ड्रग्स नियमों का उल्लंघन करती पाई गईं। विभाग ने संबंधित फर्मों के खिलाफ ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
अभियान के दौरान टीमों ने दवा दुकानों पर दस्तावेजों और स्टॉक की जांच की। गुणवत्ता मानकों की पुष्टि के लिए विभिन्न श्रेणियों की 49 दवाओं के सैंपल एकत्रित कर परीक्षण और विश्लेषण के लिए भेजे गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, कुछ दुकानों पर दवाओं पर छूट देने के बोर्ड भी लगे पाए गए, जो नियमों के खिलाफ थे। ऐसे बोर्डों को मौके पर ही हटवा दिया गया और फर्मों को सख्त निर्देश जारी किए गए।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि सरकार राजधानी में नकली और घटिया दवाओं की बिक्री किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों की सेहत से समझौता करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और प्रवर्तन गतिविधियों को और तेज किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग सार्वजनिक स्वास्थ्य की सुरक्षा और एथिकल फार्मास्यूटिकल प्रैक्टिस सुनिश्चित करने के लिए निगरानी तंत्र को मजबूत कर रहा है। इससे पहले भी विभाग ने एंटी-कैंसर दवाओं की गुणवत्ता जांच के लिए व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया था। उस दौरान कई इलाकों में रिटेल और होलसेल दुकानों की जांच की गई और नियमों का उल्लंघन करने वाली कंपनियों की पहचान की गई।
अधिकारियों का कहना है कि दवाओं की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान जारी रहेंगे ताकि मरीजों, विशेषकर गंभीर बीमारियों का इलाज करा रहे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।











