रायपुर–अभनपुर–कुरुद नई ब्रॉडगेज लाइन पर 110 किमी रफ्तार से दौड़ी ट्रायल ट्रेन, अप्रैल से मेमू सेवा शुरू होने की तैयारी

रायपुर। रायपुर से अभनपुर होते हुए कुरुद तक बिछाई गई नई 22 किमी ब्रॉडगेज रेल लाइन पर बुधवार को सफल ट्रायल किया गया। दोपहर 3 बजे शुरू हुआ परीक्षण शाम 6 बजे तक चला। इस दौरान स्पेशल ट्रेन लगभग पूरी लाइन पर 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रायल पूरी तरह सफल रहा और ट्रैक की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। इसके साथ ही अभनपुर से कुरुद के बीच नियमित ब्रॉडगेज ट्रेन संचालन का रास्ता साफ हो गया है। रेलवे अप्रैल से इस रूट पर मेमू ट्रेन शुरू करने की तैयारी कर रहा है।

बताया जा रहा है कि इस नई लाइन के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ दौरे की संभावना भी है।

प्रोजेक्ट की पृष्ठभूमि

पहले रायपुर से धमतरी के बीच मीटर गेज (छोटी लाइन) पर ट्रेन चलती थी, जिसे बंद कर दिया गया था। इसके बाद रायपुर–नया रायपुर–धमतरी ब्रॉडगेज परियोजना पर काम शुरू किया गया। करीब छह महीने पहले रायपुर से नया रायपुर होते हुए केंद्री तक मेमू ट्रेनें शुरू की गई थीं, जो वर्तमान में संचालित हो रही हैं।

हाल ही में अभनपुर–कुरुद के बीच 22 किमी नई लाइन का निर्माण पूरा किया गया। ट्रायल के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। ट्रैक के आसपास से मवेशियों को हटाया गया और स्थानीय लोगों को दूर रहने की चेतावनी दी गई।

यात्रियों को होगा लाभ

नई लाइन शुरू होने से रायपुर, नया रायपुर और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच आवागमन तेज और सुगम होगा। दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को विशेष सुविधा मिलेगी। आगे चलकर यह रूट धमतरी क्षेत्र की कनेक्टिविटी को भी मजबूत करेगा।

close