राजस्थान: 20 हजार के इनामी MD तस्कर की आलीशान 3 मंजिला हवेली फ्रीज, नागौर पुलिस का बड़ा एक्शन

नागौर: जिले में नशे के खिलाफ चल रहे ‘ऑपरेशन संकल्प नशा मुक्ति’ अभियान के तहत नागौर पुलिस ने एक बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ तस्करों को कड़ा संदेश दिया है. जायल तहसील के रोटू गांव निवासी कुख्यात एमडी तस्कर रामनिवास उर्फ रामा द्वारा तस्करी की काली कमाई से बनाए गए आलीशान तीन मंजिला मकान को पुलिस ने फ्रीज़ कर दिया है. यह मकान आधुनिक सुविधाओं से लैस था और CCTV कैमरों से पूरी तरह निगरानी में रखा गया था.

जानकारी के अनुसार, रामनिवास के खिलाफ नागौर जिले में सीधे तौर पर कोई मामला दर्ज नहीं था, लेकिन पुलिस की गोपनीय जांच में बड़ा खुलासा हुआ. जांच में सामने आया कि चूरू जिले में उसके खिलाफ करीब साढ़े सात किलो एमडी मादक पदार्थ की तस्करी का मामला दर्ज है. इसी मामले में चूरू पुलिस ने उस पर 20 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा है.


नागौर कोतवाली थानाधिकारी वेदपाल शिवरान ने बताया कि पुलिस ने नगर परिषद और एसडीएम के सहयोग से पहले इस संपत्ति की घेराबंदी की थी, लेकिन आरोपी ने उच्च न्यायालय से राहत ले ली थी. इसके बावजूद पुलिस ने कार्रवाई जारी रखी और एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत दिल्ली स्थित सक्षम प्राधिकारी (सीए अथॉरिटी) के समक्ष पुख्ता साक्ष्य प्रस्तुत किए. जांच में यह सिद्ध किया गया कि मकान के निर्माण में अवैध तस्करी से अर्जित धन का उपयोग हुआ है, जिसके बाद प्राधिकारी ने संपत्ति फ्रीज़ करने के आदेश जारी किए.

थानाधिकारी वेदपाल शिवरान ने यह भी बताया कि यह कार्रवाई केवल शुरुआत है. नागौर पुलिस जिले के अन्य बड़े तस्करों की संपत्तियों की भी गोपनीय जांच कर रही है. इसके लिए आयकर विभाग और अन्य खुफिया एजेंसियों का सहयोग लिया जा रहा है. बीट स्तर पर तस्करों की सूची तैयार कर ली गई है और आने वाले 10 से 15 दिनों में और भी बड़ी कार्रवाइयां देखने को मिलेंगी.

वहीं, पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि नागौर जिले में नशे का कारोबार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि “नशे के सौदागरों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है, जो भी व्यक्ति इस अवैध धंधे में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ न केवल कानूनी कार्रवाई होगी, बल्कि उसकी अवैध संपत्तियों को भी जब्त और फ्रीज़ किया जाएगा.”

एसपी ने आमजन से भी अपील की कि नशे के खिलाफ इस अभियान में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें. नागौर पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशा मुक्त अभियान की दिशा में एक बड़ा और निर्णायक कदम माना जा रहा है.

close
Virus-free.www.avast.com