राजस्थान : किसान बनकर पुलिस ने बिछाया जाल, दुष्कर्म का फरार आरोपी आखिरकार गिरफ्त में

नागौर : जिले में पुलिस ने वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत एक बार फिर अपनी रणनीति और सूझबूझ का परिचय दिया है.दुष्कर्म के गंभीर प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी मुकेश उर्फ मुकेशनाथ को पुलिस टीम ने फिल्मी अंदाज में किसान का वेश धारण कर गुप्त सर्च ऑपरेशन चलाते हुए गिरफ्तार किया.
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा (IPS) के निर्देशन में अंजाम दी गई. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी और वृताधिकारी रामकरण सिंह के सुपरविजन में गोटन थाना पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से ऑपरेशन को अंजाम दिया.
जानकारी के मुताबिक ,गोटन थाना पुलिस को सूचना मिली कि दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी मुकेश उर्फ मुकेशनाथ सीकर जिले के नेछवा थाना क्षेत्र में छिपा हुआ है। आरोपी लगातार अपनी पहचान छिपाने के लिए ठिकाने बदल रहा था, जिससे उसकी गिरफ्तारी चुनौतीपूर्ण बनी हुई थी.
इस पर पुलिस टीम ने बेहद सूझबूझ दिखाते हुए किसान का वेश धारण किया और सीकर के रेतीले धोरों में गुप्त रूप से सर्च ऑपरेशन चलाया। कई घंटों की तलाश के बाद आरोपी को प्याज की फसल का काम करते समय दबोच लिया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से आरोपी संभल भी नहीं पाया और मौके पर ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपी मुकेश उर्फ मुकेशनाथ पुत्र नाथुनाथ जाति कालबेलिया निवासी बाकलियावास थाना गोटन जिला नागौर का रहने वाला है। इस पूरी कार्रवाई में सुरेश चौधरी निरीक्षक और थानाधिकारी पुलिस थाना गोटन के नेतृत्व में तेजाराम कांस्टेबल और चौथाराम कांस्टेबल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा ने बताया कि नागौर पुलिस द्वारा वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और कानून से भागने वालों को इसी तरह योजनाबद्ध कार्रवाई के जरिए पकड़कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.











