रायगढ़ में राज्योत्सव का समापन:उत्कृष्ट विभागों-प्रतिभागियों का प्रशस्ति पत्र से सम्मान; सांसद बोले- छत्तीसगढ़ प्रगति की दिशा में तेजी से अग्रसर

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष के उपलब्ध में जिला स्तरीय राज्योत्सव मनाया गया। शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मिनी स्टेडियम में 2 नवंबर से शुरू हुए कार्यक्रम का 4 नवंबर को समापन हुआ।

राज्योत्सव कार्यक्रम में स्थानीय लोक कलाकारों और स्कूली विद्यार्थियों ने सांस्कृति कार्यक्रमों की छटा बिखेरी। वहीं सभी विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई थी। संबंधत विभागों को उनके उत्कृष्ट कार्य, नवाचार और सृजनात्मक प्रदर्शनी के लिए प्रशस्ति पत्र भी दिया गया।

समापन मे सांसद हुए शामिल

इस अवसर पर लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित किया। उन्होंने अलग-अलग विभागों की लगाई गई प्रदर्शनी की सराहना की।

सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि यहां लगाए गए स्टालों में प्रदर्शित स्वदेशी उत्पाद देश की आत्मनिर्भरता की मिसाल हैं। सभी लोग स्वदेशी वस्तुओं को अपनाएं और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दें।

इसके अलावा उन्होंने कहा कि पिछले तीन दिनों से हम छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का आनंद ले रहे हैं। स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने 1 नवम्बर 2000 को छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना कर एक सपना साकार किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ने तेजी से प्रगति के मार्ग पर कदम बढ़ाया है।

योजनाओं से अवगत होने का अवसर मिला

नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का अवसर है कि हम सभी राज्य स्थापना की रजत जयंती मना रहे हैं। अलग-अलग विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी के लिए स्टॉल लगाए गए हैं, जिससे आम नागरिकों को योजनाओं से अवगत होने का अवसर मिला है।

कबाड़ से बना मशीनगन मॉडल

राज्योत्सव कार्यक्रम में शहर के लोगों को इस बार कुछ अनोखा देखने को मिला। निगम कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय के निर्देश पर निगम की टीम द्वारा कबाड़ सामग्री से जुगाड़ कर एके-203 मशीन गन, तोप का मॉडल और ई-रिक्शा तैयार की गई।

यह लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना है। इन अनोखे मॉडलों ने दर्शकों का ध्यान खूब खींचा और कार्यक्रम में मौजूद हर उम्र के लोग इनके साथ तस्वीरें खिंचवाते नजर आए।

बेस्ट मॉडल, नवाचार के लिए विभाग हुए सम्मानित

राज्योत्सव समापन समारोह के अवसर पर लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने जिले के विभिन्न विभागों को उनके उत्कृष्ट कार्य, नवाचार और सृजनात्मक प्रदर्शनी के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।

इनमें बेस्ट वर्किंग मॉडल के लिए जल संसाधन विभाग को केलो डेम से सिंचाई मॉडल के लिए, क्रेडा विभाग को सोलर ड्यूल पंप परियोजना के लिए, विद्युत विभाग को पीएम सूर्यघर बिजली योजना के बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। नवाचार श्रेणी में पंजीयन विभाग को सम्मानित किया गया।

जबकि कबाड़ से जुगाड़ की थीम पर विज्ञान से प्रगति का अनूठा प्रदर्शन करने के लिए शिक्षा विभाग को बेस्ट अवॉर्ड से नवाजा गया। इस अवसर पर उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम के प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com