शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, धर्म परिवर्तन का दबाव: भोपाल में बस कंडक्टर गिरफ्तार

भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता से शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी बस कंडक्टर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

आरोपी की पहचान 26 वर्षीय मासूम अली के रूप में हुई है, जो मिसरोद से निशातपुरा मार्ग पर चलने वाली बस में कंडक्टर के रूप में कार्यरत था। पीड़िता की उससे पहचान वर्ष 2024 में बस में सफर के दौरान हुई थी। नियमित आवागमन के कारण दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बाद में संबंध स्थापित हो गए।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने महिला को शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। उसके प्रभाव में आकर महिला अपने पति को छोड़कर उसके साथ रहने लगी। कुछ समय बाद जब महिला ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने धर्म परिवर्तन की शर्त रख दी।

महिला ने धर्म बदलने से इनकार किया, जिसके बाद मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर उसने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता का डेढ़ साल का एक बेटा भी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ दुष्कर्म और मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पीड़िता को आवश्यक कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

close