RCB vs GT: विराट-पडिक्कल का तूफान, आरसीबी ने गुजरात को रौंदा

RCB vs GT: विराट-पडिक्कल का तूफान, आरसीबी ने गुजरात को रौंदा

आईपीएल 2026 के 34वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हरा दिया. गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 205 रन बनाए लेकिन विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल की बेहतरीन अर्धशतकीय पारियों के दम पर आरसीबी ने ये लक्ष्य हासिल कर लिया. बेंगलुरु के लिए विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 81 रन बनाए. विराट ने 44 गेंदों का सामना किया और उन्होंने 4 छक्के और 8 चौके लगाए. उनके साथ-साथ देवदत्त पडिक्कल ने 27 गेंदों में 55 रन बनाए. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अपनी पारी में 6 छक्के और 2 चौके लगाए. इस जीत के साथ ही आरसीबी की टीम अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है. उसके 10 अंक हो गए हैं और उसने राजस्थान रॉयल्स को पछाड़ दिया.

विराट-पडिक्कल का प्रहार

206 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेंगलुरू की शुरुआत खराब रही. इस सीजन पहला मैच खेल रहे जैकब बेथल को सिराज ने 14 रन पर आउट कर दिया. बड़ी बात ये है कि यहां विराट कोहली का पहली गेंद पर कैच छूट गया. सिराज की गेंद पर सुंदर ने उनका आसान कैच टपकाया. विराट को जीवनदान क्या मिला गुजरात की टीम मुसीबत में फंस गई. विराट कोहली ने पडिक्कल के साथ मिलकर गुजरात पर हल्ला बोल दिया. दोनों ने महज 26 गेंदों में अर्धशतकीय साझेदारी की और 9 ओवर में आरसीबी की टीम 100 पार पहुंच गई.

इस दौरान पडिक्कल ने 6 छक्कों की मदद से 20 गेंदों में अर्धशतक लगाया और विराट कोहली को अपना अर्धशतक जमाने में 30 गेंद लगी. इन दोनों बल्लेबाजों ने 47 गेंदों में शतकीय साझेदारी कर गुजरात को मैच से बाहर कर दिया. हालांकि विराट कोहली शतक से चूक गए. ये खिलाड़ी 81 रन के स्कोर पर जेसन होल्डर की गेंद पर बोल्ड हो गए.

साई सुदर्शन की शतकीय पारी बेकार

साई सुदर्शन ने गुजरात टाइटंस की ओर से शानदार शतक लगाया. इस खिलाड़ी ने 58 गेंदों में 100 रनों की पारी खेली. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने आईपीएल में तीसरा शतक ठोका और साथ ही वो सबसे कम पारियों में 2000 आईपीएल रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए. हालांकि उनकी ये पारी बेकार गई. अंत में जीत आरसीबी को ही मिली.

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com