बिल्डिंग में लगाए गए हैं RDX और IED, 3 बजे होंगे विस्फोट… बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज को बम से उड़ाने की धमकी

भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख इंडेक्स बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) को मंगलवार सुबह एक धमकी भरा ईमेल मिला। कथित तौर पर धमकी भरे ईमेल में कहा गया है कि बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज की टावर बिल्डिंग में 4 आरडीएक्स आईईडी बम रखे गए हैं और दोपहर 3 बजे विस्फोट होंगे। मुंबई पुलिस के अनुसार, ‘कॉमरेड पिनाराई विजयन’ नाम की एक ईमेल आईडी से आया है।

पुलिस कर रही जांच पड़ताल

 

मुंबई पुलिस के हवाले से एएनआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार, 15 जुलाई को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज को एक ईमेल मिला जिसमें इमारत को उड़ाने की धमकी दी गई। बम निरोधक दस्ता और पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन उन्हें कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। माता रमाबाई अंबेडकर मार्ग पुलिस स्टेशन में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(1)(बी), 353(2), 351(3) और 351(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच जारी है। बता दें कि यह घटना ऐसे समय में हुई है जब सोमवार को अमृतसर के प्रतिष्ठित स्वर्ण मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

शेयर बाजार के हाल

 

घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में चार सत्र की गिरावट के बाद मंगलवार को शुरुआती कारोबार में तेजी आई। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 203.95 अंक चढ़कर 82,457.41 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 68.85 अंक की बढ़त के साथ 25,151.15 अंक पर रहा। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से सन फार्मा, भारती एयरटेल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, टाटा मोटर्स और इन्फोसिस के शेयर सबसे अधिक फायदे में रहे। वहीं एचसीएल टेक के शेयर में करीब तीन प्रतिशत की गिरावट आई। इटर्नल (पूर्व में जोमैटो), अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा स्टील और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर भी नुकसान में रहे। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 1,614.32 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 1,787.68 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।