रीवा: इंसाफ मांगने गई नाबालिग को मिला अपमान, पुलिस ने शिकायतकर्ता के परिजनों को ही बनाया आरोपी

रीवा: मध्य प्रदेश के रीवा जिले से पुलिस की संवेदनशीलता पर सवाल उठाने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है. गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के डीहिया गांव की एक नाबालिग किशोरी जब छेड़खानी की शिकायत लेकर थाने पहुंची, तो आरोप है कि पुलिस ने उसकी मदद करने के बजाय उसके ही परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया.

न्याय न मिलने से परेशान पीड़िता आज सोमवार की दोपहर को परिजनों के साथ एसपी कार्यालय पहुंची और सुरक्षा की मांग की. पीड़िता के अनुसार, अभिषेक साकेत नामक युवक पिछले दो महीनों से उसे लगातार प्रताड़ित कर रहा है. वह स्कूल जाते समय किशोरी का रास्ता रोकता, सार्वजनिक स्थान पर हाथ पकड़कर बदतमीजी करता और उसे अश्लील मैसेज व वीडियो भेजता था. विरोध करने पर आरोपी ने पीड़िता को जान से मारने और ‘नहर में फेंकने’ की धमकी भी दी.

पीड़िता की बहन ने बताया कि जब उन्होंने आरोपी को समझाने की कोशिश की, तो वहां विवाद हुआ. इसके बाद जब वे शिकायत लेकर गोविंदगढ़ थाने पहुंचे, तो पुलिस का रवैया बेहद निराशाजनक रहा/ परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने किशोरी की शिकायत दर्ज करने के बजाय, आरोपी पक्ष की शह पर पीड़िता के जीजा (बहनोई) के खिलाफ ही मारपीट का मामला दर्ज कर लिया.

close