रिश्तेदार ने AI से अश्लील फोटो बनाकर महिला को धमकाया, जमीन बेचकर और गहने गिरवी रखकर दिए 50 लाख रुपए


नीमच में AI की मदद से अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग करने का मामला सामने आया है। दरअसल आरोप है कि ससुराल पक्ष के दूर के रिश्तेदार ने महिला की सामान्य तस्वीरों को AI ऐप से मॉर्फ किया और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर करीब 50 लाख रुपये वसूल लिए। डर के कारण महिला ने अपने पति को भी कई महीनों तक इसकी जानकारी नहीं दी। रकम खत्म होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा है।
दरअसल यह मामला नीमच सिटी थाना क्षेत्र के माहेश्वरी मोहल्ले का बताया जा रहा है। शिकायतकर्ता मुकेश वर्मा के मुताबिक उत्तर प्रदेश का रहने वाला ऋषभ वर्मा उनके ससुराल पक्ष का दूर का रिश्तेदार है। वह करीब 5-6 महीने पहले उनके घर आया था और उनके ओम साईं ढाबे पर काम करने लगा था। इस दौरान वह परिवार के साथ ही रहता था। आरोप है कि उसने घर में रहकर परिवार का भरोसा जीता और उनकी आर्थिक स्थिति, जमीन-जायदाद व बैंक से जुड़ी जानकारी हासिल कर ली।
महिला को किया ब्लैकमेल
वहीं शिकायत के मुताबिक करीब छह महीने काम करने के बाद ऋषभ उत्तर प्रदेश लौट गया। कुछ समय बाद उसने महिला के सामान्य फोटो और वीडियो को AI ऐप की मदद से मॉर्फ कर अश्लील रूप दे दिया। इसके बाद उसने ये फोटो-वीडियो महिला के व्हाट्सएप पर भेजे और उन्हें वायरल करने की धमकी दी। आरोप है कि आरोपी ने महिला से कहा कि पैसे नहीं देने पर वह तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर डालकर पूरे परिवार को बदनाम कर देगा। हालांकि महिला ने शुरुआत में पैसे देने में असमर्थता जताई तो आरोपी ने धमकियां बढ़ा दीं। शिकायत के अनुसार उसने महिला के पति और दोनों बच्चों को जान से मारने की धमकी भी दी। बदनामी और परिवार की सुरक्षा को लेकर डरी महिला ने यह बात अपने पति से छिपाए रखी। आरोपी अलग-अलग लोगों के 20 से 25 फोन-पे स्कैनर भेजकर रकम मंगवाता रहा। महिला डर के कारण उसके बताए खातों और QR कोड पर पैसे भेजती रही।
ऐसे दिए दिए करीब 50 लाख रुपये
दरअसल शिकायत में बताया गया है कि ब्लैकमेलिंग का सिलसिला पिछले 5 से 6 महीनों से चल रहा था। इस दौरान महिला ने फोरलेन पर स्थित जमीन बेचकर मिली रकम का इस्तेमाल किया। घर में रखे सोने के गहने भी गिरवी रखे और गोल्ड लोन लेकर पैसे जुटाए। इसके बाद करीब 50 से 60 बार में आरोपी की ओर से भेजे गए QR कोड और फोन-पे स्कैनर पर रकम ट्रांसफर की गई। शिकायत के मुताबिक इस तरह दी गई कुल रकम करीब 50 लाख रुपये तक पहुंच गई। वहीं जब परिवार की जमा पूंजी खत्म हो गई और आरोपी की धमकियां जारी रहीं तब महिला ने अपने पति को पूरी बात बताई। पत्नी से जानकारी मिलने के बाद मुकेश वर्मा उन्हें लेकर नीमच सिटी थाने पहुंचे और ऋषभ वर्मा के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोपी की तलाश में टीम यूपी रवाना
नीमच सिटी थाना प्रभारी विजय सागरिया के मुताबिक फरियादी की शिकायत पर आरोपी ऋषभ वर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(5) के तहत जबरन वसूली का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने AI टूल्स की मदद से महिला की अश्लील तस्वीरें तैयार की थीं और धमकी देकर करीब 50 लाख रुपये वसूले। टीआई ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक विशेष टीम उत्तर प्रदेश भेजी गई है। पुलिस साइबर सेल की मदद से रकम के ट्रांजेक्शन की भी जांच कर रही है।
कमलेश सारडा, नीमच











