सोशल मीडिया पर छाया 1980 के दशक का रेट्रो फोटो ट्रेंड, ऐसे बनाएं अपनी विंटेज तस्वीर

इंटरनेट पर इन दिनों रेट्रो वाइब्स का जादू लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है. इंस्टाग्राम से लेकर सोशल मीडिया के अन्य प्लेटफॉर्म्स पर एक नया ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है, जहां लोग खुद को 80 के दशक के दौर (1980s AI photo trend) में ढाल रहे हैं. साउथ फिल्मों की एक्ट्रेस अनुपमा परमेश्वरन और कल्याणी प्रियदर्शन जैसी मशहूर हस्तियों ने भी इस AI ट्रेंड को अपनाया है, जिसके बाद आम यूजर्स भी इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं.

सोचिए अगर आपकी पसंदीदा तस्वीर 2026 के बजाय 1985 में खींची गई होती, तो वह कैसी दिखती? यही वह सवाल है जिसने इंटरनेट पर तहलका मचा रखा है. लोग मॉडर्न सेल्फी और तस्वीरों को ChatGPT की मदद से विंटेज पोर्ट्रेट्स, ओल्ड फैमिली एल्बम की यादों और क्लासिक बॉलीवुड स्टाइल में बदल रहे हैं.

1980 के दशक का AI ट्रेंड क्या है?

यह ट्रेंड केवल तस्वीरों पर पुराने जमाने का फिल्टर लगाने तक सीमित नहीं है. ChatGPT की मदद से यूजर्स अपनी तस्वीरों को नए सिरे से तैयार कर रहे हैं. इसमें पहनावा, हेयरस्टाइल, गहने, बैकग्राउंड और यहां तक कि कैमरे के खास इफेक्ट्स को भी 1980 के दशक के हिसाब से बदला जा सकता है. इंस्टाग्राम स्टोरीज पर लोग अपने इन रेट्रो पोर्ट्रेट्स को शेयर कर रहे हैं और Add Yours स्टिकर के जरिए दोस्तों को भी इसमें शामिल होने के लिए प्रेरित कर रहे हैं.

भारतीय स्टाइलिंग दे रही है अनोखा लुक

इस ट्रेंड की सबसे खास बात इसकी भारतीय स्टाइलिंग है. 1980 के दशक के बड़े और घने बाल, रंगीन साड़ियां, हैवी ज्वैलरी, शर्ट को पैंट में टक करके पहनना और पारंपरिक मूंछें इस ट्रेंड को बेहद मजेदार बना रही हैं. लोग स्टूडियो पोर्ट्रेट्स के अलावा 1980 के दशक के भारतीय सड़कों, पुराने वाहनों और साइनबोर्ड्स के साथ भी अपनी तस्वीरें तैयार करवा रहे हैं.

अपनी तस्वीर को कैसे बनाएं रेट्रो?

सबसे पहले ChatGPT पर अपनी तस्वीर अपलोड करें और बताएं कि आप इसे 1980 के दशक की शैली में देखना चाहते हैं. इसके बाद अपने कपड़े, हेयरस्टाइल, गहने और बैकग्राउंड के बारे में विस्तार से बताएं. साथ में AI को निर्देश दें कि वह आपके चेहरे से कोई छेड़छाड़ न करे. कुछ सेकंड के इंतजार के बाद आपकी मनपसंद तस्वीर तैयार हो जाएगी, और आप उसे इंस्टाग्राम पर शेयर कर सकते हैं.

कुछ पॉपुलर प्रॉम्प्ट्स, जिन्हें आजमा सकते हैं आप

क्लासिक बॉलीवुड पोर्ट्रेट बनाने के लिए आप ChatGPT को निर्देश दें कि वह इस तस्वीर को 1980 के दशक के बॉलीवुड स्टूडियो पोर्ट्रेट की तरह रियलिस्टिक बनाए. साथ ही आपके चेहरे को न बदले, ताकि लगे कि फोटो में आप ही हैं.

ओल्ड फैमिली एल्बम के लिए लिखें कि इस तस्वीर को ऐसा बनाएं मानो यह 1980 के दशक के मध्य में किसी भारतीय पारिवारिक एल्बम में ली गई हो.

वहीं, दूरदर्शन युग की तस्वीर के लिए लिखें कि वह इस तस्वीर को इस तरह से बनाए जैसे इसे 1980 के दशक के किसी भारतीय टेलीविजन कार्यक्रम के लिए खींचा गया हो.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close