रीवा: चार दिनों से लापता 10वीं की छात्रा का शव क्योटी जलप्रपात में मिला, क्षेत्र में सनसनी

रीवा: जिले के सिरमौर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम राजगढ़ से चार दिन पूर्व लापता हुई 10वीं कक्षा की छात्रा का शव शनिवार को सुबह 10 बजे प्रसिद्ध क्योटी जलप्रपात में बरामद किया गया. एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में कड़ी मशक्कत के बाद किशोरी के शव को गहरे पानी से बाहर निकाला.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम राजगढ़ निवासी 17 वर्षीय छात्रा बीते 10 मार्च को अपने घर से स्कूल जाने या किसी काम से निकली थी, जिसके बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई. परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर सिरमौर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.
घटनाक्रम में मोड़ तब आया जब जलप्रपात घूमने आए कुछ पर्यटकों ने एक किशोरी को प्रपात में गिरते हुए देखा था। पर्यटकों द्वारा दी गई सूचना के आधार पर पुलिस को अंदेशा हुआ कि गिरने वाली लड़की राजगढ़ से लापता छात्रा ही हो सकती है। इसके तत्काल बाद पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया.
SDRF की मदद से निकाला गया शव
बीते तीन दिनों से पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम जलप्रपात के आसपास और नीचे कुंड में तलाश कर रही थी. शनिवार को टीम को सफलता मिली और छात्रा का शव बरामद कर लिया गया. शव की शिनाख्त परिजनों ने अपनी बेटी के रूप में की है.











