रिजिजू का आरोप: कांग्रेस सांसद स्पीकर चैंबर में घुसकर पीएम मोदी को धमकाने लगे


दिल्ली। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने संसद से एक वीडियो जारी कर कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रिजिजू का कहना है कि कांग्रेस के कुछ सांसद स्पीकर के चैंबर में घुसे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धमकाने का प्रयास किया।
वीडियो जारी करते हुए रिजिजू ने कहा, “यह एक गैरकानूनी रूप से रिकॉर्ड की गई वीडियो क्लिप है। जब 20-25 कांग्रेस सांसद स्पीकर के चैंबर में घुसे, उन्होंने गालियां दी और प्रधानमंत्री को धमकाया। हमारी पार्टी बहस और चर्चा में विश्वास करती है और कभी भी किसी सांसद को मारपीट के लिए बढ़ावा नहीं देती।”
रिजिजू ने यह भी आरोप लगाया कि अगर बीजेपी सांसदों ने बीच-बचाव न किया होता और महिला सांसदों को सुरक्षित नहीं रखा गया होता, तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी। उन्होंने संसद की गरिमा और पवित्रता की रक्षा करने को अपनी जिम्मेदारी बताया।
इससे पहले, रिजिजू ने कहा था कि कांग्रेस सांसदों ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के साथ अभद्र व्यवहार किया। इस घटना ने संसद में चल रही कार्यवाही के दौरान राजनीतिक तनाव और बढ़ा दिया है।











