तेज रफ्तार का कहर: उझियानी बाईपास पर रोडवेज बस को ट्रेलर ने मारी टक्कर, 20 फीट गहरी खाई में पलटी बस

इटावा: आगरा–कानपुर सिक्सलेन नेशनल हाईवे पर गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा होते-होते टल गया। उझियानी बाईपास के पास सवारियों से भरी रोडवेज बस को पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगभग 20 फीट गहरी खाई में जा पलटी। हादसे के समय बस में कुल 21 यात्री सवार थे. इस दुर्घटना में एक यात्री घायल हो गया, जबकि बस चालक और परिचालक सुरक्षित बताए जा रहे हैं.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब चार बजे रोडवेज बस इटावा से औरैया की ओर जा रही थी। बस जैसे ही उझियानी बाईपास पर पहुंची, वहां यात्रियों को उतारने के लिए कुछ देर के लिए रुकी हुई थी. इसी दौरान पीछे से आ रहा तेज रफ्तार ट्रेलर ट्रक बस में आकर भिड़ गया। अचानक हुई टक्कर के कारण बस चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और बस सीधे सड़क से नीचे खाई में जा गिरी.
बस के खाई में पलटते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. अंदर फंसे यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में जुट गए। इसी दौरान एक यात्री को गंभीर चोटें आईं, जिसे एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया। अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया.
घटना की सूचना मिलते ही बकेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकलवाया और यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रेलर ट्रक को कब्जे में ले लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है.
प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण ट्रेलर की तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर संबंधित ट्रक चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस हादसे के बाद एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.











