RR vs DC: सिर्फ एक छक्के की बात है… वैभव सूर्यवंशी के कदम चूमेगा T20 का ये धमाकेदार रिकॉर्ड


वैभव सूर्यवंशी जिस मैच में उतर रहे हैं, कुछ न कुछ रिकॉर्ड बनाकर ही लौट रहे हैं. जिस मैच में भी उनका बल्ला चल रहा है, उसमें छक्के-चौकों में ही बात कर रहे हैं. सिर्फ 14 साल की उम्र से ही वैभव का ऐसा धमाकेदार प्रदर्शन जारी है और आईपीएल 2026 में भी उनका बल्ला आग उगल रहा है. अंडर-19 लेवल से लेकर IPL तक, पहले ही वैभव कई रिकॉर्ड तोड़ चुके हैं और अब एक नई उपलब्धि उनके कदम चूमने को तैयार है. ये है सबसे कम उम्र में टी20 क्रिकेट में 100 छक्के जड़ना.
आईपीएल 2026 के 43वें मैच में 1 मई को राजस्थान रॉयल्स का सामना दिल्ली कैपिटल्स से होगा. इस मैच में वैभव सूर्यवंशी पर एक बार फिर नजरें रहेंगी, जो इस सीजन में पहली बार दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई पेसर मिचेल स्टार्क का सामना करेंगे. इस टक्कर का तो बेसब्री से इंतजार है ही, साथ ही इंतजार है इस मैच में वैभव सूर्यवंशी के पहले छक्के का क्योंकि ऐसा करते ही वो इतिहास रच देंगे.
IPL 2026 सीजन में वैभव सूर्यवंशी अभी तक सिर्फ 9 पारियों में ही 37 छक्के जमा चुके हैं लेकिन उनका 38वां सिक्सर बहुत खास होगा. ऐसा इसलिए क्योंकि अपने अगले छक्के के साथ ही वैभव सूर्यवंशी टी20 क्रिकेट के इतिहास में सबसे कम उम्र में 100 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे.
सिर्फ 15 साल की उम्र में वैभव ने अब तक 99 छक्के जमा लिए हैं. अपना 100वां छक्का जमाते ही वो 19 साल से कम उम्र में ऐसा करने वाले पहले बल्लेबाज बन जाएंगे. इतना ही नहीं, वैभव ने सिर्फ 27 मैच में 99 छक्के जमाए हैं तो इस तरह सबेस कम मैच में ही 100 छक्के जमाने वाले बल्लेबाज भी बन जाएंगे.
मौजूदा में राजस्थान रॉयल्स के दमदार प्रदर्शन में वैभव सूर्यवंशी का बड़ा योगदान रहा है. वो इस सीजन में अब तक टीम के सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं. सिर्फ राजस्थान ही नहीं, बल्कि सभी 10 टीमों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की रेस में बने हुए हैं. इसमें भी सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के मामले में वो पहले ही काफी आगे निकल चुके हैं. अब दिल्ली के खिलाफ वो ये इतिहास रच सकते हैं.











