सहारनपुर हिंदू सम्मेलन में साध्वी प्राची का तीखा हमला, अरशद मदनी के बयान पर बोलीं- असुरक्षित लगे तो पाकिस्तान चले जाएं

सहारनपुर: सहारनपुर के माधव नगर स्थित श्री विष्णु मंदिर परिसर में सकल हिंदू समाज के तत्वावधान में एक विशाल हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी समारोह के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में साधु-संत, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे.
सम्मेलन में पहुंचीं साध्वी प्राची ने अपने बेबाक और आक्रामक अंदाज़ में संबोधन देते हुए जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष अरशद मदनी के बयान पर तीखा हमला बोला. साध्वी प्राची ने कहा कि कुछ लोग लगातार यह भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं कि भारत में मुसलमान सुरक्षित नहीं हैं. उन्होंने दो टूक कहा कि अगर किसी को हिंदुस्तान में असुरक्षा महसूस होती है तो वह पाकिस्तान या दुनिया के उन 56 मुस्लिम देशों में जा सकता है, जहां उसे सबसे ज्यादा सुरक्षा महसूस होती हो. उन्होंने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है, जहां हर धर्म और समुदाय के लोग सुरक्षित हैं और यह बात पाकिस्तान का मुसलमान भी भली-भांति जानता है.
हिंदुस्तान में रहने वाला हर मुसलमान पूरी तरह सुरक्षित है- साध्वी प्राची
उन्होंने आगे कहा कि कुछ लोग हिंदुस्तान में रहकर खाते-पीते तो यहीं हैं, लेकिन उनका दिल पाकिस्तान में धड़कता है. ऐसे लोगों को भारत पर सवाल उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है. साध्वी प्राची ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हिंदुस्तान में रहने वाला हर मुसलमान पूरी तरह सुरक्षित है और यहां कानून सबके लिए समान है.
सावरकर ने देश की आज़ादी के लिए अपार बलिदान दिया है- साध्वी प्राची
वीर सावरकर को भारत रत्न देने के मुद्दे पर बोलते हुए साध्वी प्राची ने कहा कि सावरकर ने देश की आज़ादी के लिए अपार बलिदान दिया है और उन्हें भारत रत्न अवश्य मिलना चाहिए. उन्होंने सावरकर के सम्मान का विरोध करने वालों पर भी कड़ा प्रहार किया. सम्मेलन में साध्वी प्राची के इस बयान को लेकर माहौल काफी गर्म रहा.











