सहारनपुर: 8 लाख की स्मैक बरामद! गंगोह पुलिस ने दो शातिर नशा तस्करों को दबोचा

सहारनपुर: मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान के अंतर्गत थाना गंगोह पुलिस को बड़ी सफलता मिली है.
पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाइयों में दो शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 42.17 ग्राम अवैध स्मैक तथा 700 रुपये नकद बरामद किए हैं. बरामद स्मैक की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 8.40 लाख रुपये बताई जा रही है.
पहली कार्रवाई में पुलिस ने मोईन उर्फ मयूर पुत्र महबूब निवासी गुज्जरवाड़ा, कस्बा गंगोह को लखनौती रोड के पास से गिरफ्तार किया. उसके कब्जे से 22 ग्राम स्मैक बरामद हुई. दूसरी कार्रवाई में गश्त व चेकिंग के दौरान आवेश पुत्र सादा निवासी ग्राम बिसलहेड़ा को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 20.17 ग्राम स्मैक और 700 रुपये नकद मिले. दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है.
क्षेत्राधिकारी गंगोह अशोक सिसोदिया ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच की जा रही है, ताकि नशे के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके. पुलिस का अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा.