19 बार एक ही गलती, अर्शदीप सिंह ने हद कर दी, IPL 2026 में सबसे खराब रिकॉर्ड

19 बार एक ही गलती, अर्शदीप सिंह ने हद कर दी, IPL 2026 में सबसे खराब रिकॉर्ड

आखिरकार आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स का जीत का सिलसिला भी थम गया. सीजन की शुरुआत से लगातार 7 मैच में श्रेयस अय्यर की टीम बिना किसी हार के सबसे आगे चल रही थी. पंजाब को इस सीजन में पहली शिकस्त का सामना करना पड़ा है और ये कमाल किया राजस्थान रॉयल्स ने, जिसने 223 रन जैसा बड़ा लक्ष्य भी हासिल कर लिया. इसने पंजाब की उस कमजोरी को फिर उजागर किया है. ये कमजोरी है उसकी गेंदबाजी, जिसमें खास तौर पर स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की खराब फॉर्म चिंता का विषय है.

बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह इस सीजन की शुरुआत से ही अभी तक पूरे रंग में नहीं दिखे हैं. हालांकि, इसके बावजूद पंजाब किंग्स को लगातार जीत मिल रही थी. इसकी वजह टीम की विस्फोटक बल्लेबाजी थी, जो लगभग हर मैच में अपना दम दिखाती रही है. यहां तक कि राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ भी बल्लेबाजों ने निराश नहीं किया लेकिन गेंदबाजी के फ्लॉप होने का जो डर लगातार सताता रहा है, वो इस बार सच हो गया.

राजस्थान के खिलाफ पंजाब 223 रन का लक्ष्य डिफेंड नहीं कर पाई. इसमें टीम के तीनों तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह, लॉकी फर्ग्युसन और मार्को यानसन बुरी तरह नाकाम रहे. खास तौर पर अर्शदीप तो बुरी तरह फेल रहे, जिनके 4 ओवर में राजस्थान ने 68 रन लूट लिए. मगर ये इकलौता मैच नहीं है, जिसमें अर्शदीप पिटे हैं, बल्कि लगभग हर मैच उनके लिए निराशाजनकर रहा है. कुल मिलाकर इस सीजन में 8 मैच में वो सिर्फ 8 विकेट ले सके हैं लेकिन इसके बावजूद वो टीम के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं.

मगर इसके साथ ही उनका इकॉनमी जितना खराब है, वो परेशान करने वाला है. अर्शदीप ने 10.96 की महंगी इकॉनमी के साथ रन लुटाए हैं. उनकी खराब इकॉनमी में जितना योगदान विस्फोटक बैटिंग का है, उतना ही योगदान खुद अर्शदीप की खराब गेंदबाजी का भी. खास तौर पर बार-बार लाइट से भटकने की उनकी समस्या ठीक नहीं हो रही है.

इस सीजन में सबसे ज्यादा वाइड बॉल के मामले में अर्शदीप ही नंबर-1 हैं. अर्शदीप ने IPL 2026 सीजन में अभी तक सबसे ज्यादा 19 वाइड बॉल की हैं, जो इस सीजन में सबसे ज्यादा है. अब अर्शदीप समेत पंजाब के अन्य तेज गेंदबाजों के प्रदर्शन में अगर सुधार नहीं हुआ तो सिर्फ बैटिंग के दम पर टीम के लिए खिताब जीतना मुश्किल हो जाएगा.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close