सारंगढ़ ट्रिपल मर्डर केस: भतीजे ने कुल्हाड़ी से किया हमला, 3 साल के मासूम समेत तीन की मौत


सारंगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला अंतर्गत सारंगढ़ क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपने ही चाचा के परिवार पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, मामला झाल ग्राम पंचायत का है। बताया जा रहा है कि भतीजे ने अपने चाचा के परिवार पर अचानक कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में चाचा, दादी और 3 साल के मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
हमले में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने आरोपी भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल वारदात के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव में मातम का माहौल है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।










