सूरजपुर : प्रतापपुर जनपद में सरपंच संघ का धरना, वित्तीय अधिकार और बजट बढ़ाने की मांग

सूरजपुर : जनपद पंचायत प्रतापपुर में सोमवार को उस समय माहौल गरमा गया जब सरपंच संघ जनपद पंचायत प्रतापपुर के बैनर तले बड़ी संख्या में सरपंच, पंच एवं जनपद सदस्यों ने धरना प्रदर्शन किया.पंचायतों को पर्याप्त वित्तीय अधिकार और बजट नहीं मिलने के विरोध में आयोजित इस प्रदर्शन में जनप्रतिनिधियों ने एकजुट होकर शासन के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की.
सुबह 11 बजे जनपद पंचायत कार्यालय के सामने एकत्रित हुए सरपंचों ने पंचायतों की आर्थिक स्थिति, लंबित योजनाओं और विकास कार्यों में आ रही बाधाओं को प्रमुख मुद्दा बताया.प्रदर्शन के पश्चात संघ के प्रतिनिधिमंडल ने नायब तहसीलदार को मुख्यमंत्री, राज्यपाल और कलेक्टर के नाम 9 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा.
ज्ञापन में 50 लाख रुपये तक के निर्माण कार्यों में ग्राम पंचायतों को एजेंसी बनाने, 15वें और 16वें वित्त आयोग की लंबित राशि तत्काल जारी करने तथा धरती आंबा योजना के अंतर्गत पूरे सरगुजा संभाग की पंचायतों को शामिल करने की मांग की गई है। इसके अलावा सरपंचों का मानदेय 15 हजार रुपये प्रतिमाह एवं 5 हजार रुपये पेंशन, पंचों का मानदेय 2 हजार रुपये और जनपद सदस्यों का मानदेय 20 हजार रुपये करने की मांग भी प्रमुख रूप से रखी गई है.
संघ ने ग्राम पंचायतों को मिलने वाली मूलभूत राशि प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये करने और प्रत्येक पंचायत के लिए 1 करोड़ रुपये तक वार्षिक निर्माण बजट निर्धारित करने की मांग भी दोहराई। प्रदर्शन के दौरान पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। फिलहाल शासन की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है.











