औरंगाबाद में ट्रक ने स्कूटी सवार युवक को रौंदा,हुई दर्दनाक मौत,घर का था इकलौता सहारा

औरंगाबाद : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग 139 पर भरथौली शरीफ के समीप सोमवार की रात्रि ट्रक और स्कूटी की टक्कर में एक 21 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान खैरी गांव निवासी स्वर्गीय अरुण सिंह के पुत्र गौरव कुमार के रूप में की गई है.प्राप्त जानकारी के अनुसार गौरव बाजार से होली का सामान खरीदकर स्कूटी से अपने घर लौट रहा था.इसी दौरान भरथौली शरीफ के पास तेज गति से आ रहे अज्ञात ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी.
स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसा इतना दर्दनाक था कि टक्कर के बाद भागने के क्रम में ट्रक चालक गौरव को स्कूटी समेत लगभग 50 मीटर तक घसीटता चला गया.इस हादसे में उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास के बाद मृतक की पहचान की और परिजनों को सूचना दी.घटना की खबर मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे.
गौरव के शव को देखते ही परिजन दहाड़ मारकर रो पड़े.मां और बहनें शव से लिपटकर विलाप करती रहीं।इस कारुणिक दृश्य को देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं.आक्रोशित ग्रामीणों ने दुर्घटना के विरोध में औरंगाबाद-पटना मुख्य मार्ग एनएच-139 को जाम कर दिया.सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची.स्थानीय मुखिया सुजीत कुमार सिंह एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया.
काफी मशक्कत के बाद ग्रामीण जाम हटाने पर सहमत हुए।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की और रात्रि दस बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया.बाद में जाम हटाकर यातायात सामान्य कराया.
परिजनों ने बताया कि दो वर्ष पूर्व गौरव के पिता की बीमारी से मृत्यु हो गई थी। गौरव अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है, जबकि एक बहन अभी अविवाहित है.पिता की मौत के बाद घर की जिम्मेदारी गौरव के कंधों पर आ गई थी. परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन उसके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.गांव में इस घटना के बाद मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.
जहां एक ओर लोग होली की तैयारियों में जुटे थे, वहीं इस हादसे ने पूरे माहौल को गमगीन कर दिया.ग्रामीणों का कहना है कि उक्त स्थल पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है.उन्होंने प्रशासन से दुर्घटना रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है.
मुफस्सिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है.अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.











