श्रृंगी ऋषि पहाड़ में सड़ी-गली लाश मिलने से सनसनी, जनवरी से लापता व्यक्ति की हुई पहचान

धमतरी: जिले के सिहावा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब श्रृंगी ऋषि पहाड़ पर एक सड़ी-गली लाश बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और मृतक की पहचान जनवरी माह से लापता व्यक्ति के रूप में की है।
पहाड़ पर लकड़ी लेने गए ग्रामीण ने देखी लाश
मिली जानकारी के अनुसार, केरेगांव थाना क्षेत्र के अमीन गौर नामक ग्रामीण लकड़ी लेने श्रृंगी ऋषि पहाड़ गया था। इसी दौरान हाथी तालाब के पास उसकी नजर एक लाश पर पड़ी। उसने तत्काल कोटवार के माध्यम से सिहावा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
लाइसेंस से हुई पहचान, जनवरी से था लापता
पुलिस को मौके पर एक लाल कंबल, शर्ट, बैग और जहर की शीशी मिली। बैग में मिले लाइसेंस के आधार पर मृतक की पहचान दरगान (थाना केरेगांव) निवासी जगन्नाथ साहू के रूप में हुई। थाना केरेगांव से मिली जानकारी के अनुसार, जगन्नाथ साहू 13 जनवरी को मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकला था, जिसके बाद से वह लापता था और उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
प्रथम दृष्टया आत्महत्या, जांच जारी
पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।









