धमतरी: दिनदहाड़े सेलून में चाकूबाजी से सनसनी, पुरानी दुश्मनी में दोस्त ही बन गया हमलावर

धमतरी: शहर के इतवारी बाजार क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े एक सेलून के भीतर हुई चाकूबाजी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. कुर्सी पर बाल कटवा रहे एक युवक पर अचानक चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. घटना के बाद सेलून में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए.

मिली जानकारी के अनुसार, कुछ युवक बाल कटवाने के लिए इतवारी बाजार स्थित एक सेलून में पहुंचे थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद की स्थिति बन गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वहां मौजूद युवकों में से एक ने अचानक कुर्सी पर बैठे युवक पर चाकू से हमला कर दिया और उसके सीने पर दो बार वार कर दिया. हमले में युवक लहूलुहान हो गया.

घटना के बाद घायल युवक किसी तरह खून से लथपथ हालत में वहां से निकलकर घर की ओर भागने लगा. आसपास मौजूद लोगों ने उसे गंभीर हालत में देखकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस वारदात में करीब पांच युवकों के शामिल होने की बात सामने आई है, जो घटना के बाद मौके से फरार हो गए. हमलावर चाकू को सेलून में ही छोड़कर भाग निकले.

आरोपी युवक पुलिस गिरफ्त में

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से चाकू बरामद कर जांच शुरू की. जांच में सामने आया कि घटना चार महीने पुरानी रंजिश का नतीजा है. पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी आशुतोष यादव को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में आरोपी ने पुरानी दुश्मनी के चलते हमला करना स्वीकार किया है. फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com