भिलाई में दो छात्रों की आत्महत्या से सनसनी, 11वीं की छात्रा ने लिखा सॉरी मम्मी-पापा

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में एक ही दिन में दो छात्रों द्वारा आत्महत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है। एक मामले में 11वीं की छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी, जबकि दूसरे मामले में बीसीए के छात्र का शव घर में फंदे से लटकता मिला। दोनों ही घटनाओं के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है।
पहला मामला पुरानी भिलाई क्षेत्र का है, जहां 17 वर्षीय छात्रा अपने घर में फांसी के फंदे पर झूलती मिली। वह 11वीं कक्षा में पढ़ती थी। सुबह पढ़ाई के लिए कमरे में जाने के बाद जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने दरवाजा तोड़कर देखा, जहां वह दुपट्टे के सहारे पंखे से लटकी हुई मिली।
मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें छात्रा ने अपने माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों से माफी मांगते हुए लिखा कि अब वह उन्हें परेशान नहीं करेगी। पुलिस नोट और परिजनों के बयान के आधार पर जांच कर रही है।
दूसरा मामला भिलाई के कोहका क्षेत्र का है, जहां 19 वर्षीय युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह कंप्यूटर साइंस का छात्र था और बीसीए की पढ़ाई कर रहा था। सुबह जब उसने कमरे का दरवाजा नहीं खोला तो परिजनों को संदेह हुआ। दरवाजा खोलने पर वह पंखे से लटका मिला।
परिजनों के अनुसार युवक सामान्य व्यवहार करता था और पढ़ाई में भी ठीक था, जिससे आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों का पता चल सकेगा।
जिले में पिछले 15 दिनों के भीतर इस तरह की यह तीसरी घटना है, जिससे बच्चों और युवाओं में बढ़ती मानसिक दबाव की स्थिति को लेकर चिंता जताई जा रही है।









