बलिया में सनसनी! बारात जाने के बहाने निकले किशोर की ईंट से कूंचकर बेरहमी से हत्या, बगीचे में मिला लहूलुहान शव

बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है. हल्दी थाना क्षेत्र के बबूआपुर गांव में एक 15 वर्षीय किशोर की ईंट से कूंचकर निर्मम हत्या कर दी गई है.
बता दें मंगलवार की सुबह गांव के एक बगीचे में किशोर का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए दोषियों के लिए मौत की सजा की मांग की है.
बबूआपुर निवासी नंद जी यादव का 15 वर्षीय पुत्र रितेश यादव रविवार की शाम परिवार से यह कहकर निकला था कि वह बारात जा रहा है. देर रात जब बारात वापस लौट आई और रितेश घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों को चिंता हुई. आज सुबह घर से महज 250 मीटर की दूरी पर स्थित एक छोटे से बगीचे में रितेश का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला. बताया जा रहा है कि किशोर के सिर को ईंट से कूंचकर मौत के घाट उतारा गया है.
मां का रो-रोकर बुरा हाल, दो परिवारों पर जताया शक
मृतक की मां ने बिलखते हुए बताया कि उनका बेटा बारात जाने की बात कहकर गया था, लेकिन वह सुबह तक नहीं लौटा. सुबह करीब 8 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनके लाडले का शव पुलिस ले जा रही है. मां ने गांव के ही दो परिवारों पर पुरानी रंजिश या संदेह के आधार पर हत्या का आरोप लगाया है. उन्होंने भर्राई आंखों से इंसाफ की गुहार लगाते हुए कहा, मेरे बेटे के हत्यारों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. अपर पुलिस अधीक्षक कृपा शंकर ने घटनास्थल का मुआयना किया और बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है.
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के सही कारणों और तरीके का खुलासा हो पाएगा. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है, जो भी दोषी होगा उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.










