इस इंजेक्शन की वजह से हुई शेन वॉर्न की मौत? 4 साल बाद बेटे का चौंकाने वाला दावा

इस इंजेक्शन की वजह से हुई शेन वॉर्न की मौत? 4 साल बाद बेटे का चौंकाने वाला दावा

Shane Warne: ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज लेग स्पिनर शेन वॉर्न की मौत को चार साल बीत चुके हैं. शेन वॉर्न की मौत 2022 में थाईलैंड में 52 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से हुई थी. उस समय वह कोह समुई द्वीप पर छुट्टियां मना रहे थे. अब उनके बेटे जैक्सन वॉर्न ने एक पॉडकास्ट में अपने पिता की मौत के बारे में एक चौंकाने वाला दावा किया है. जैक्सन ने दावा किया है कि शेन वॉर्न की मौत कोविड के उन तीन या चार टीकों के कारण हुई थी, जो उन्हें काम करने के लिए मजबूरन लेने पड़े थे. बता दें, मौत से कुछ महीने पहले उन्होंने इंग्लैंड में ‘द हंड्रेड’ इवेंट के दौरान कोविड संक्रमण भी झेला था, लेकिन उस समय कोई बड़ी स्वास्थ्य समस्या सामने नहीं आई थी.

शेन वॉर्न की मौत पर बेटे का बड़ा दावा

‘2 Worlds Collide’ पॉडकास्ट पर बात करते हुए जैक्सन ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि कोविड वैक्सीन की तीन या चार डोज उनके पिता की मौत की वजह में शामिल थीं. उन्होंने बताया कि शेन वॉर्न काम के लिए इन वैक्सीन की डोज लेने को मजबूर थे, वह खुद इन्हें लेना नहीं चाहते थे. जैक्सन ने माना कि उनके पिता को कुछ स्वास्थ्य समस्याएं भी थीं, लेकिन वैक्सीन ने उन समस्याओं को बढ़ा दिया था और स्थिति को और बिगाड़ दिया.

जैक्सन ने खुलासा किया कि पिता की मौत की खबर मिलते ही उनका पहला विचार सरकार, कोविड और वैक्सीन को दोष देने का था. उन्होंने कहा, ‘मैंने तुरंत सरकार को दोष दिया, तुरंत कोविड और वैक्सीन को दोष दिया.’ लेकिन उन्होंने ये बातें सार्वजनिक रूप से कहने से खुद को रोका, वरना उनकी स्थिति आज बहुत अलग होती. जैक्सन ने आगे कहा, ‘हां, पहले भी कई लोग दिल के दौरे से मरते थे, लेकिन मेरे पिता ठीक थे. वे तीन या चार डोज लेने को मजबूर थे, जैसे बाकी सब लोग थे.’ उन्होंने बताया कि इस विषय पर ज्यादा सोचने से गुस्सा बढ़ता है, इसलिए वह कोशिश करते हैं कि इसे ज्यादा न सोचें. जैक्सन के इन बयानों ने एक बार फिर शेन वॉर्न की मौत को लेकर चर्चा छेड़ दी है.

शेन वॉर्न का यादगार करियर

शेन वॉर्न क्रिकेट इतिहास के सबसे महान लेग स्पिनरों में से एक थे, जिनकी गेंदबाजी ने दुनिया भर के बल्लेबाजों को परेशान किया. उन्होंने अपने करियर के दौरान कुल 145 टेस्ट मैच खेले और 194 वनडे मैचों में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने टेस्ट में 708 विकेट झटके थे. वहीं, वनडे में उनके नाम 293 विकेट दर्ज हैं. इसके अलावा उन्होंने बतौर बल्लेबाज 4 हजार से ज्यादा रन भी बनाए थे.

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com