सिद्धार्थनगर: 267 जोड़ों ने थामा एक-दूसरे का हाथ, सामूहिक विवाह समारोह संपन्न

सिद्धार्थनगर: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शनिवार को शहर के बीएसए ग्राउंड में भव्य आयोजन किया गया. जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 267 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे. समारोह में सांसद जगदम्बिका पाल और विधायक श्यामधनी राही सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने शिरकत कर नवदंपतियों को उज्जवल भविष्य का आशीर्वाद दिया.
धार्मिक रीति-रिवाजों से हुआ संगम
समारोह की सबसे खास बात इसकी विविधता रही. कुल 267 जोड़ों में से 195 हिंदू, 55 बौद्ध और 17 मुस्लिम जोड़ों का विवाह उनके निजी धर्म और परंपराओं के अनुसार कराया गया. जहाँ हिंदू जोड़ों के लिए वैदिक मंत्रोच्चार हुए, वहीं मुस्लिम जोड़ों का निकाह पढ़ा गया और बौद्ध जोड़ों ने अपनी संस्कृति के अनुसार फेरे लिए. इस आयोजन में जिले के विभिन्न ब्लॉकों जैसे नौगढ़, शोहरतगढ़, और बढ़नी सहित नगर पंचायतों से आए परिवारों ने हिस्सा लिया.
सरकार की ओर से मिली आर्थिक सहायता
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि शासन की इस कल्याणकारी योजना के तहत प्रत्येक वधू के बैंक खाते में 60 हजार रुपये सीधे (DBT) भेजे जा रहे हैं. इसके अलावा 25 हजार रुपये, घर गृहस्थी के आवश्यक सामान के लिए. 15 हजार रुपये, बारात के स्वागत और अन्य आयोजन खर्चों के लिए आवंटित किए गए.
6 हजार से अधिक जोड़ों को मिला लाभ
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद जगदम्बिका पाल ने कहा कि यह योजना निर्धन परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. उन्होंने बताया कि जनपद में अब तक कुल 6060 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया जा चुका है. सांसद ने नवविवाहित जोड़ों को न केवल आशीर्वाद दिया, बल्कि उन्हें रोजगार और स्वरोजगार की मुख्यधारा से जोड़ने का भरोसा भी दिलाया. सुरक्षा और व्यवस्था के मद्देनजर एसपी डॉ. अभिषेक महाजन सहित भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अमला कार्यक्रम स्थल पर मुस्तैद रहा.











