सिद्धार्थनगर: दहेज की बलि चढ़ी 5 माह की मासूम, नहर में मिली मां-बेटी

सिद्धार्थनगर: शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के अरीं ग्राम पंचायत अंतर्गत पठानडीह गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहाँ पारिवारिक कलह और दहेज के विवाद में एक 26 वर्षीय महिला अपनी पांच माह की दुधमुंही बच्ची के साथ राप्ती मुख्य नहर में डूबती मिली. ग्रामीणों के अथक प्रयासों से महिला को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन मासूम बच्ची ने दम तोड़ दिया. मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और हत्या के प्रयास का गंभीर आरोप लगाया है.

​क्या है पूरा मामला?

चम्पापुर निवासी अब्दुल करीम की पुत्री सहीदुन्निशा (26) का निकाह लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व पठानडीह निवासी मुस्तकीम के साथ हुआ था. मुस्तकीम वर्तमान में रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर रहता है. परिजनों का आरोप है कि निकाह के बाद से ही सहीदुन्निशा को दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. शनिवार को इसी बात को लेकर महिला का उसके ससुराल वालों (सास, ससुर, ननद और देवर) से तीखा विवाद हुआ था.

​ग्रामीणों ने दिखाई बहादुरी

रविवार को जब ग्रामीणों ने राप्ती नहर में एक महिला को बच्ची सहित डूबते देखा, तो हड़कंप मच गया. राहगीरों और स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए नहर में छलांग लगा दी. काफी मशक्कत के बाद महिला को बीच धारा से बाहर निकाला गया. मार्मिक दृश्य तब देखने को मिला जब अचेत अवस्था में भी मां ने अपनी बच्ची को सीने से चिपका रखा था. हालांकि, तब तक बच्ची की मृत्यु हो चुकी थी.
​”महिला को तत्काल सीएचसी शोहरतगढ़ में भर्ती कराया गया है. उसकी स्थिति गंभीर लेकिन स्थिर बनी हुई है.” — चिकित्सा सूत्र

​दहेज प्रताड़ना और हत्या के प्रयास का आरोप

महिला के पिता अब्दुल करीम ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को ससुराल पक्ष ने जान से मारने की नियत से नहर में धक्का दिया था. उन्होंने ससुर, सास, ननद और देवर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा है और लोगों में भारी आक्रोश है.

​मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच में जुट गई है. शोहरतगढ़ थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह के अनुसार, ​घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई है. ​महिला के बयान और साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है. दोषियों के विरुद्ध तथ्यों के आधार पर कठोर विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी.

close