सीधी की बेटियों ने रचा इतिहास ओपन स्टेट कुश्ती में पहली बार जीता पदक

जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द श्रीवास्तव द्वारा बताया गया कि जिले में खेल गतिविधियों को लेकर लगातार चलाए जा रहे विशेष अभियानों जैसे ‘सांसद खेल महोत्सव ‘, ‘खेलो एमपी यूथ गेम 2026’, और ‘युवा उत्सव’ के साथ-साथ विभिन्न खेल संस्थाओं एवं स्कूलों द्वारा किए गए निरंतर प्रयासों के सुखद परिणाम अब धरातल पर आने लगे हैं। पूर्व में आयोजित खेलो एमपी यूथ गेम में जहाँ जिले के 18 प्रतिभावान खिलाड़ियों ने 18 पदक प्राप्त कर सफलता का परचम लहराया था, उसी कड़ी में अब कुश्ती के क्षेत्र में भी जिले ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है.

जबलपुर में दिनांक 21 से 23 फरवरी 2026 तक आयोजित मध्य प्रदेश एमेच्योर कुश्ती संघ की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सीधी जिले के खिलाड़ियों ने अदम्य साहस और कौशल का परिचय दिया है। जिला कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के सतत मार्गदर्शन में जिले की खेल अधोसंरचना और गतिविधियों में जो नियमित विकास हो रहा है, उसके परिणाम स्वरूप पहली बार बालिकाओं ने ‘ओपन स्टेट’ कुश्ती प्रतियोगिता में पदार्पण किया और सफलता हासिल की.

प्रतियोगिता के परिणामों का विवरण देते हुए बताया गया कि 46 किलोग्राम भार वर्ग में प्राची केवट ने अपनी उत्कृष्ट तकनीक से सिल्वर मेडल (रजत पदक) जीतकर जिले को गौरवान्वित किया है.वहीं अलबिया खान ने 50 किलोग्राम वर्ग में और कृष्ण कुमार सिंह ने 44 किलोग्राम वर्ग में प्रदेश स्तर पर चौथा स्थान प्राप्त किया, जबकि ओम केवट 48 किलोग्राम भार वर्ग में पाँचवें स्थान पर रहे.यह ऐतिहासिक उपलब्धि न केवल खिलाड़ियों की व्यक्तिगत जीत है, बल्कि यह विभिन्न खेल संस्थाओं, विद्यालयों, समर्पित कोचों और खिलाड़ियों के माता-पिता की मेहनत तथा अटूट विश्वास का साझा परिणाम है.

इन सभी होनहार खिलाड़ियों को संसद कप और खेलो एमपी यूथ गेम्स के उच्च मानकों के अनुरूप ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक की सीधी निगरानी में तैयार किया गया था। पुलिस लाइन स्थित सामुदायिक भवन में मिलने वाला कड़ा प्रशिक्षण और प्रशासनिक सहयोग ही आज खिलाड़ियों को इस मुकाम तक ले आया है.

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिला खेल अधिकारी का संदेश:

“सीधी की बेटियों का यह प्रदर्शन अत्यंत गर्व का विषय है। हमने खिलाड़ियों को बड़े खेल आयोजनों की तर्ज पर ही विशेष रणनीति से प्रशिक्षित किया था। हमारा प्रयास है कि जिला पुलिस, प्रशासन और खेल विभाग के इस साझा समन्वय से सीधी के खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर अपनी विशेष पहचान दर्ज कराएं.”

प्रशासनिक सहयोग से खेलों का नया उदय:

उल्लेखनीय है कि जिला कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी एवं सीधी पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी द्वारा खेल और खिलाड़ियों के प्रति दिखाए गए संवेदनात्मक सहयोग एवं निरंतर मार्गदर्शन से जिले में एक नई खेल संस्कृति का संचार हुआ है.प्रशासन के इसी सक्रिय प्रोत्साहन के कारण सुदूर अंचलों की प्रतिभाएं भी अब राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मंचों पर आत्मविश्वास के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही हैं.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com