स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को राहत, सोलर आवर में बिजली बिल पर मिलेगी 20 प्रतिशत छूट

भोपाल जिले में स्मार्ट मीटर लगवाने वाले उपभोक्ताओं के लिए बिजली बिल में राहत की खबर सामने आई है। विद्युत वितरण कंपनी द्वारा सोलर आवर के दौरान बिजली उपयोग पर 20 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है, जिससे हजारों उपभोक्ताओं को आर्थिक लाभ मिल रहा है।

बिजली कंपनी के अनुसार जनवरी 2026 में जिले के करीब दो लाख 97 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को इस योजना का लाभ मिला है। इस अवधि में उपभोक्ताओं को लगभग दो करोड़ रुपये से ज्यादा की राहत दी गई। वहीं, पांच लाख से अधिक स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को टाइम ऑफ डे योजना के तहत मासिक बिल में छूट प्रदान की गई।

मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने बताया कि जनवरी महीने में कुल तीन करोड़ 61 लाख रुपये से अधिक की रियायत उपभोक्ताओं को दी गई। इसमें भोपाल शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं को सबसे अधिक लाभ मिला है।

योजना के तहत घरेलू, गैर-घरेलू, सार्वजनिक जल कार्य, स्ट्रीट लाइट और निम्नदाब औद्योगिक उपभोक्ताओं को सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक उपयोग की गई बिजली पर 20 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। यह समय सोलर आवर के रूप में निर्धारित किया गया है।

कंपनी के अनुसार यह सुविधा 10 किलोवाट तक स्वीकृत लोड वाले उपभोक्ताओं के लिए लागू है। इस छूट की गणना सरकारी सब्सिडी से अलग की जाती है, जिससे उपभोक्ताओं को अतिरिक्त राहत मिलती है।

बिजली विभाग का कहना है कि स्मार्ट मीटर और टाइम ऑफ डे योजना से ऊर्जा की बचत को बढ़ावा मिल रहा है और उपभोक्ताओं को कम बिल का लाभ भी मिल रहा है। आने वाले समय में अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को इस योजना से जोड़ने की तैयारी की जा रही है।

close