SRH vs CSK: फिर बुरी तरह फेल हुई चेन्नई सुपर किंग्स, अभिषेक-मलिंगा ने दिलाई सनराइजर्स को जीत

SRH vs CSK: फिर बुरी तरह फेल हुई चेन्नई सुपर किंग्स, अभिषेक-मलिंगा ने दिलाई सनराइजर्स को जीत

लगातार 2 मैच जीतकर आईपीएल 2026 में वापसी करती दिख रही चेन्नई सुपर किंग्स को फिर हार का सामना करना पड़ा. ईशान किशन की कप्तानी में एक बार फिर सनराइजर्स हैदराबाद ने जुझारू प्रदर्शन करते हुए चेन्नई को एक करीबी मुकाबले में 10 रन से हरा दिया. हैदराबाद में खेले गए इस मुकाबले में अभिषेक शर्मा और हेनरिख क्लासन के अर्धशतकों की मदद से सनराइजर्स ने 194 रन बनाए थे. इसके बाद ईशान मलिंगा और नीतीश कुमार रेड्डी ने चेन्नई की बैटिंग को ध्वस्त करते हुए टीम को 184 रन पर रोक दिया. इस तरह सनराइजर्स ने सीजन में तीसरी जीत दर्ज की.

अभिषेक-क्लासन के अर्धशतक

सनराइजर्स हैदराबाद ने इस मैच में शुरुआत तो धमाकेदार की लेकिन आखिरी ओवरों में टीम उस रफ्तार को बरकरार नहीं रख पाई. इसका ही असर ये रहा कि एक वक्त पर आसानी से 210 रन जैसा स्कोर हासिल करती दिख रही सनराइजर्स 194 रन तक ही पहुंच पाई. इस बार सनराइजर्स के लिए अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक जमाकर तेज शुरुआत दिलाई. वहीं हेनरिख क्लासन ने एक और सधा हुआ अर्धशतक जमाया.

मगर अभिषेक (59 रन, 22 गेंद) और क्लासन (59 रन, 39 गेंद) को छोड़कर सनराइजर्स का अन्य कोई भी बल्लेबाज इस तरह का योगदान नहीं दे सका. यहां तक कि कप्तान ईशान किशन तो पहली गेंद पर ही खाता खोले बिना आउट हो गए. वहीं इम्पैक्ट प्लेयर बनकर आए लियम लिविंगस्टन 5 गेंदों में सिर्फ 1 रन बना सके. चेन्नई के लिए अंशुल कम्बोज और जेमी ओवरटन ने 3-3 विकेट लिए.

फिर बड़ा चेज करने में नाकाम CSK

वहीं चेन्नई ने संजू सैमसन (7) का विकेट दूसरे ओवर में ही गंवा दिया था लेकिन आयुष म्हात्रे ने सनराइजर्स के पिछले मैच के स्टार रहे तेज गेंदबाज प्रफुल हिंगे के ओवर में 5 बाउंड्री ठोक दी. म्हात्रे (30) के आउट होते ही कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (19) भी आउट हो गए, जो लगातार छठी पारी में फ्लॉप रहे. सिर्फ 66 रन पर 3 विकेट गंवाने के बाद सरफराज खान ने मैथ्यू शॉर्ट के साथ मिलकर 46 रन की साझेदारी की. मगर यहीं CSK को सबसे करारा झटका लगा, जब 11वें और 12वें ओवर में 7 गेंदों के भीतर ही सरफराज (25) और डेवाल्ड ब्रेविस आउट हो गए. ब्रेविस तो खाता भी नहीं खोल सके.

इसके बाद शॉर्ट (34) और शिवम दुबे (21) भी ज्यादा देर नहीं टिके. आखिरी ओवर में CSK को जीत के लिए 18 रन की जरूरत थी लेकिन अपने 3 ओवर में ही 53 रन लुटाने वाले प्रफुल ने सिर्फ 7 रन दिए और टीम को जीत दिला दी. SRH के श्रीलंकाई पेसर ईशान मलिंगा (3/29) ने चेन्नई के मिडिल ऑर्डर को ध्वस्त कर दिया. वहीं टॉप ऑर्डर को निपटाने वाले नीतीश कुमार रेड्डी ने भी 2 विकेट लेकर CSK की हार में अपना बड़ा योगदान दिया.

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com