SRH vs KKR: जो धोनी भी नहीं कर पाए, मनीष पांडे ने नाम हुई वो उपलब्धि, किया इन 2 दिग्गजों जैसा कमाल


आईपीएल 2026 सीजन के साथ ही दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग 19 साल की हो गई है. इस लीग के इतने लंबे इतिहास में सिर्फ 3-4 ही खिलाड़ी ऐसे हैं, जो पहले सीजन से लेकर अभी तक इसका हिस्सा हैं. विराट कोहली, एमएस धोनी और रोहित शर्मा इसमें सबसे बड़ा नाम हैं. मगर इनके अलावा मनीष पांडे भी हैं, जो पहले सीजन से लीग में खेल रहे हैं. अब पांडे के नाम एक ऐसी उपलब्धि दर्ज हो गई है, जो धोनी भी हासिल नहीं कर सके हैं और सिर्फ विराट-रोहित वहां तक पहुंच सके हैं.
हैदराबाद के उप्पल स्टेडियम में रविवार 3 मई को सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स आमने-सामने थे. इस सीजन में लगातार संघर्ष कर रही कोलकाता नाइट राइडर्स ने प्लेइंग-11 में कुछ बदलाव किए और इसमें चलते अनुभवी बल्लेबाज मनीष पांडे की टीम में एंट्री हुई. इस सीजन में ये पहला ही मैच है, जिसमें मनीष को खेलने का मौका मिला है. संयोग से उनका पिछला IPL मैच भी सनराइजर्स के खिलाफ ही 2025 में आया था.
IPL का हर सीजन खेलने वाले खिलाड़ी
मगर ये पहला मैच ही 36 साल के मनीष पांडे के लिए खास हो गया. ऐसा इसलिए क्योंकि सनराइजर्स के खिलाफ मैदान पर उतरते ही मनीष पांडे IPL के सभी 19 सीजन में कम से कम एक मैच खेलने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए. उन्होंने पिछले सभी 18 सीजन में अलग-अलग टीम की ओर से एक या उससे ज्यादा मैच खेले थे. इस सीजन में उन्हें लंबा इंतजार करना पड़ा लेकिन ये इंतजार आखिर खत्म हो गया.
इसके साथ ही पांडे ने रोहित शर्मा और विराट कोहली की बराबरी कर ली. इन दोनों दिग्गजों ने भी IPL के हर सीजन में कम से कम एक मैच खेला है. हैरानी की बात ये है कि इस मामले में मनीष पांडे ने धोनी को भी पीछे छोड़ दिया, जिसकी वजह भी है. असल में चोट के कारण धोनी इस सीजन में अभी तक एक भी मैच नहीं खेल सके हैं, जिसके चलते वो फिलहाल इस लिस्ट में शामिल नहीं हो पाए हैं.
IPL में कैसा है मनीष पांडे का रिकॉर्ड?
मनीष पांडे के IPL करियर की बात करें तो ये मिला-जुला ही रहा है. उन्होंने शुरुआत तो दमदार अंदाज में की थी लेकिन धीरे-धीरे उनके प्रदर्शन में गिरावट आने लगी. अपने IPL करियर में वो 7 टीम का हिस्सा रहे हैं, जिनके लिए मनीष ने अब तक 175 मैच खेले हैं और 3942 रन बनाए हैं. उन्होंने 22 अर्धशतक भी लगाए हैं, जबकि एक शतक उनके बल्ले से निकला है. वो IPL में शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज थे. उन्होंने 2009 में ये कमाल किया था.











