SRH vs RR: प्रफुल हिंगे के सामने राजस्थान का ब्रेक फेल, हैदराबाद ने जीत के साथ की जोरदार वापसी


आईपीएल 2026 में ताकतवर टैंक की तरह हर विरोधी को ध्वस्त करते हुए आगे बढ़ रही राजस्थान रॉयल्स का भी ब्रेक फेल हो गया. लगातार 4 मैच जीतने के बाद राजस्थान को इस सीजन में पहली हार का सामना करना पड़ा. सनराइजर्स हैदराबाद के नए सितारे प्रफुल हिंगे ने डेब्यू मैच में हैरतअंगेज पहले ओवर के दम पर राजस्थान की बैटिंग को झकझोर दिया और टीम को 57 रन से बड़ी जीत दिलाई. हैदराबाद की जीत की नींव कप्तान ईशान किशन की विस्फोटक पारी ने रखी और फिर प्रफुल ने उसे अंजाम तक पहुंचाया.
हैदराबाद के उप्पल स्टेडियम में मेजबान सनराइजर्स ने पहले बैटिंग की लेकिन उसकी शुरुआत ने टीम और फैंस को परेशान कर दिया. पारी की पहली ही गेंद पर स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा को जोफ्रा आर्चर ने आउट कर दिया. फिर ट्रेविस हेड भी बड़ी या तेज पारी नहीं खेल पाए. मगर ऐसे वक्त में कप्तान ईशान किशन ने हिम्मत नहीं हारी और राजस्थान के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया.
ईशान ने सिर्फ 30 गेंदों पर अर्धशतक लगाया और आखिरकार 44 गेंदों पर 91 रन की आतिशी पारी खेलकर पवेलियन लौटे. उन्होंने हेनरिख क्लासन के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 88 रन की साझेदारी की, जिसने टीम की वापसी कराई. क्लासन ने भी 40 रन की उपयोगी पारी खेली, जिसके बाद नीतीश रेड्डी और सलिल अरोड़ा ने आखिर में बड़े शॉट्स जमाकर टीम को 217 रन तक पहुंचाया.
(खबर अपडेट हो रही है)









