संपत्तिकर वसूली में सख्ती, भोपाल में पांच बड़े बकायादारों की संपत्तियां सील

भोपाल में कर वसूली को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत बड़ी कार्रवाई की है। संपत्तिकर और अन्य शुल्कों का भुगतान नहीं करने वाले बड़े बकायादारों के खिलाफ निगम अमले ने शनिवार को विभिन्न वार्डों में तालाबंदी और कुर्की की कार्रवाई की।

जोन-4 के अंतर्गत आने वाले वार्ड 15, 16 और 17 में निगम की टीम ने पांच बड़ी संपत्तियों पर ताला जड़ दिया। अधिकारियों के अनुसार, इन संपत्तियों पर लाखों रुपये का कर बकाया था, जिसे लंबे समय से जमा नहीं किया गया था।

वार्ड-15 के रंभा नगर क्षेत्र में शमीम अख्तर पर करीब 1.77 लाख रुपये का बकाया था, जबकि चिनार स्टेट में अजय कुमार सोनी पर लगभग 52 हजार रुपये का कर लंबित था। दोनों मामलों में भुगतान न होने पर संपत्तियों को सील कर दिया गया।

वार्ड-16 के सगीर कॉलोनी क्षेत्र में खलील कुरैशी और सोहेल खान की संपत्तियों पर भी कार्रवाई की गई। इन दोनों पर क्रमशः 3.08 लाख और 3.33 लाख रुपये का बकाया था। निगम ने इन संपत्तियों को कब्जे में लेकर बंद कर दिया।

इसी तरह वार्ड-17 की पुरानी सिंधी कॉलोनी में हरगुन दास की संपत्ति पर भी तालाबंदी की गई, जिन पर करीब 2.77 लाख रुपये का कर बकाया था। निगम अधिकारियों के मुताबिक, इस अभियान में कुल 11.50 लाख रुपये से अधिक की राशि की वसूली के लिए कार्रवाई की गई।

नगर निगम प्रशासन ने बताया कि सभी बकायादारों को पहले नोटिस जारी कर भुगतान के लिए पर्याप्त समय दिया गया था। इसके बावजूद कर जमा न करने पर यह कठोर कदम उठाया गया। कार्रवाई के दौरान राजस्व अधिकारी, जोनल अधिकारी और निगम का बड़ा अमला मौके पर मौजूद रहा।

निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे समय पर अपने करों का भुगतान करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और भविष्य में अन्य बकायादारों के खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।

close