कोटा में छात्र ने की आत्महत्या, पीजी के कमरे में फंदे पर लटका मिला शव, कर रहा था इंजीनियरिंग की तैयारी

कोटा एजुकेशन सिटी में फिर कोचिंग छात्र के आत्महत्या करने का मामला सामने आया है. जवाहर नगर थाना क्षेत्र के पुराने राजीव गांधी नगर स्थित एक पीजी में रह रहे 17 वर्षीय कोचिंग छात्र ने बुधवार देर रात अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र को नीचे उतारकर जांच शुरू की.
जवाहर नगर थाने के एएसआई जवाहरलाल ने बताया कि मृतक की पहचान आर्यन ओझा (17) पुत्र कृपा शंकर ओझा, निवासी संत कबीर नगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है. आर्यन फरवरी 2026 में कोटा आया था और यहां रहकर इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था.
बुधवार रात करीब 10 बजकर 45 मिनट पर पुलिस को सूचना मिली कि छात्र ने अपने कमरे में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है. घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है.
आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं
शुरुआती जांच में आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस छात्र के कमरे और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है. मौके से किसी सुसाइड नोट की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है.
जवाहर नगर थाना पुलिस ने छात्र के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है. परिजन गुरुवार दोपहर बाद कोटा पहुंचेंगे. उनके पहुंचने के बाद उनकी मौजूदगी में शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है.











