चलती आम्रपाली एक्सप्रेस से मोबाइल के लिए कूदा छात्र, ट्रेन की चपेट में आकर मौत

उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में एक दर्दनाक हादसे में छात्र की जान चली गई। आम्रपाली एक्सप्रेस से सफर कर रहा युवक मोबाइल गिरने पर उसे उठाने के लिए चलती ट्रेन से कूद गया और ट्रेन की चपेट में आकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना इकदिल रेलवे स्टेशन के पास नई दिल्ली की ओर जाने वाले ट्रैक पर हुई। मृतक की पहचान बाराबंकी निवासी गुलशन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह ऑप्टोमेट्री डिप्लोमा कोर्स की पढ़ाई के लिए सोनीपत जा रहा था। शुक्रवार को वह बाराबंकी से ट्रेन में सवार हुआ था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुलशन जनरल कोच के गेट पर खड़ा होकर मोबाइल चला रहा था। इसी दौरान उसका मोबाइल हाथ से छूटकर नीचे गिर गया। रात का समय होने और ट्रेन की तेज रफ्तार का अंदाजा न होने के कारण वह मोबाइल उठाने के लिए चलती ट्रेन से कूद गया। ट्रैक पर गिरते ही वह ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिजनों को देर रात ही सूचना दे दी गई थी।
परिवार के मुताबिक गुलशन पढ़ाई को लेकर गंभीर था और घर का सबसे बड़ा बेटा था। उसके पिता किसान हैं और बेटे की असमय मौत से परिवार में शोक की लहर है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।











