आदिवासी समाज के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करने वाले सब इंस्पेक्टर लाइन अटैच

एसपी रवि कुमार कुर्रे ने पोड़ी बचरा चौकी के एसआई महेश कुशवाहा को हटाकर रक्षित केंद्र बैकुंठपुर पदस्थ कर दिया है. गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) लगातार सब इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्यवाही के लिए विरोध कर रही थी.

कोरिया: आदिवासी समाज के एक युवक से पुलिस चौकी में अभद्र व्यवहार करने और गोंड आदिवासी समाज को चोर कहने वाले पुलिस उप निरीक्षक (एसआई) महेश कुशवाहा को लाइन अटैच कर दिया गया है.

आदिवासी युवक के साथ अभद्र व्यवहार और आदिवासी समाज के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी के बाद आदिवासी समाज लगातार विरोध प्रदर्शन कर सब इंस्पेक्टर के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग कर रहा था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है.

एसपी रवि कुमार कुर्रे ने पोड़ी बचरा चौकी के एसआई महेश कुशवाहा को हटाकर रक्षित केंद्र बैकुंठपुर पदस्थ कर दिया है. गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) लगातार सब इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्यवाही के लिए विरोध कर रही थी.

पार्टी के मुताबिक, 22 सितंबर को पोड़ी पुलिस द्वारा आदिवासी गोंड समाज के खिलाफ अमर्यादित शब्दों का प्रयोग कर उन्हें चोर कहा गया था. इसकी शिकायत बंजारीडांड़ निवासी अधीन सिंह पोया ने पुलिस अधीक्षक से की थी.

इस मामले में आदिवासी समाज सहित गोंगपा ने कुछ दिन पहले पोड़ी आदिवासी भवन में एक बैठक आयोजित कर निंदा प्रस्ताव पारित किया था. साथ ही, उन्होंने उप निरीक्षक को निलंबित करने और अनुसूचित जाति जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 के तहत प्राथमिकी दर्ज करने के लिए सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया था.

प्रस्ताव की पावती लेकर कलेक्टर से शिकायत की गई थी और चेतावनी दी गई थी कि अगर कार्यवाही नहीं हुई तो 9 अक्टूबर को पोड़ी बचरा पुलिस चौकी का घेराव और तहसील मुख्यालय के समीप धरना प्रदर्शन किया जाएगा. बताया जाता है कि कलेक्टर से शिकायत के बाद ही एसआई को रक्षित केंद्र भेजा गया है.

आदिवासी गोंड समाज और गोंगपा के सदस्यों का कहना है कि संबंधित अधिकारी के खिलाफ केवल लाइन अटैच करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आदिवासी अनुसूचित जाति जनजाति अत्याचार अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.

NewsDesk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com