वैलेंटाइन डे पर सुकेश का जैकलीन को पत्र, हेलीकॉप्टर गिफ्ट करने का किया दावा

जेल में बंद महाठग सुकेश चंद्रशेखर ने वैलेंटाइन डे के मौके पर अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस को एक प्रेम पत्र भेजने और हेलीकॉप्टर गिफ्ट करने का दावा किया है। पत्र में सुकेश ने अपने रिश्ते और भावनाओं का जिक्र करते हुए कई बड़े वादे किए हैं।
बताया गया है कि सुकेश ने अपने पत्र की शुरुआत निजी संबोधन से की और लिखा कि जेल की दीवारें भले ही उन्हें अलग रखती हों, लेकिन उनका दिल जैकलीन के लिए ही धड़कता है। उसने अपनी प्रेम कहानी की तुलना ऐतिहासिक प्रेम कथाओं से करते हुए अभिनेत्री से जुड़े कानूनी विवादों और परेशानियों के लिए खेद भी जताया।
पत्र में सुकेश ने दावा किया कि उसने जैकलीन के लिए लग्जरी एयरबस एच-सीरीज हेलीकॉप्टर खरीदा है, जिसे खास तौर पर कस्टमाइज किया गया है। उसके मुताबिक हेलीकॉप्टर के इंटीरियर और एक्सटीरियर पर अभिनेत्री के नाम के शुरुआती अक्षर अंकित किए गए हैं ताकि वह शूटिंग और यात्रा के दौरान इसका उपयोग कर सकें।
सुकेश ने यह भी कहा कि यह हेलीकॉप्टर उसकी वैध कमाई से खरीदा गया है, न कि किसी अवैध गतिविधि से। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। अभिनेत्री की ओर से इस पत्र या कथित गिफ्ट को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि सुकेश चंद्रशेखर कई करोड़ रुपये की ठगी के मामलों में आरोपी है और फिलहाल न्यायिक हिरासत में है। मामले को लेकर कानूनी प्रक्रिया जारी है।











