सुकमा: सैकड़ों बच्चों की जान खतरे में, जांच टीम गठित

सुकमा – एक चौंकाने वाली घटना में, छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के पाकेला पोटा केबिन में एक शिक्षक ने हॉस्टल में रह रहे करीब 400 से अधिक बच्चों के खाने में फिनाइल मिला दिया।
गनीमत रही कि बच्चों ने समय रहते खाने से आ रही तेज गंध को पहचान लिया और खाना खाने से मना कर दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
यह घटना सोमवार को पाकेला पोटा केबिन में हुई। मिली जानकारी के अनुसार, एक शिक्षक ने बच्चों के लिए बने भोजन में फिनाइल डाल दिया।
जब खाना परोसा गया तो फिनाइल की तीखी बदबू से बच्चों ने तुरंत पहचान लिया कि खाने में कुछ मिला हुआ है। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना अपने वार्डन को दी।
बच्चों की सूझबूझ और सतर्कता के कारण एक बड़ा हादसा होते-होते बचा, जिसमें 400 से ज्यादा मासूमों की जान जा सकती थी।
इस गंभीर मामले की जानकारी मिलते ही हॉस्टल अधीक्षक ने तुरंत शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए, कलेक्टर ने भी तत्काल कार्रवाई करते हुए एक 3 सदस्यीय जांच टीम का गठन किया है।
पुलिस ने भी आरोपी शिक्षक के खिलाफ 400 बच्चों के खाने में जहर मिलाने का मामला दर्ज कर लिया है। इस घटना ने एक बार फिर छात्रावासों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।











