सूरजपुर: सरकारी रिकॉर्ड को पेट्रोल डालकर किया आग के हवाले, शासकीय कार्य में बाधा डालने वाला आरोपी गिरफ्तार

सूरजपुर: शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न कर मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े सरकारी रिकॉर्ड को आग के हवाले करने वाले आरोपी को चौकी बसदेई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक प्रक्रिया में भेज दिया है.

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत बांसापारा के रोजगार सहायक हीरा सिंह ने चौकी बसदेई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 7 मार्च 2026 की शाम वह सरपंच संतोष सिंह और सचिव राधेश्याम के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना के ऑनलाइन रिकॉर्ड की जांच के लिए आवास मित्र आशीष साहू के घर गए हुए थे. इसी दौरान गांव का निवासी सर्वेश साहू वहां पहुंच गया.

बताया गया कि सर्वेश साहू ने वहां पहुंचते ही मनरेगा में अपनी हाजिरी भरने की मांग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की. इसके बाद उसने रोजगार सहायक के हाथ में रखे झोले को छीन लिया, जिसमें मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और रिकॉर्ड रखे हुए थे.

आरोप है कि आरोपी ने झोले में रखे इन दस्तावेजों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे सभी रिकॉर्ड जलकर नष्ट हो गए. इस घटना से शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई और सरकारी दस्तावेजों को नुकसान पहुंचा. प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 221, 296(बी), 351(2), 115(2), 121(1), 132 और 324(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया.

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी व एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे. इसके बाद चौकी बसदेई पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपी की तलाश तेज कर दी. पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी सर्वेश साहू (24 वर्ष) पिता राजकुमार साहू, निवासी ग्राम बांसापारा को गिरफ्तार कर लिया.

पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की. इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी बसदेई योगेंद्र जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई. पुलिस का कहना है कि शासकीय कार्य में बाधा डालने और सरकारी दस्तावेजों को नुकसान पहुंचाने जैसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

close