सूरजपुर: बिना परमिट रेत ले जा रहा हाईवा पकड़ा गया, चालक-मालिक को कोर्ट ने लगाया 36,300 का जुर्माना

सूरजपुर: डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर सूरजपुर पुलिस सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आम नागरिकों को यातायात नियमों की जानकारी देने हेतु लगातार विशेष अभियान चला रही है. इसी के साथ पुलिस द्वारा जिलेभर में वाहन चेकिंग प्वाइंट स्थापित कर लापरवाह चालकों पर कार्रवाई की जा रही है तथा अवैध गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है.

इसी क्रम में दिनांक 17.11.2025 को थाना चंदौरा पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग के दौरान हाईवा क्रमांक सीजी 15 डीएच 8125 को प्रतापपुर से चंदौरा की ओर जाते हुए पकड़ा गया. वाहन बिना पिट पास तथा परमिट शर्तों का उल्लंघन करते हुए अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहा था. नियम उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने वाहन को जप्त कर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 113/194(1), 39/192, 146/196, 56/192 तथा 130(3)/177 के तहत प्रकरण दर्ज कर इस्तगाशा माननीय न्यायालय प्रतापपुर में पेश किया.

न्यायालय प्रतापपुर ने मामले की सुनवाई करते हुए वाहन चालक श्याम बरन राजवाड़े, निवासी मयुरधक्की, पर 26,300 रुपये तथा वाहन स्वामी कंचन प्रसाद सोनी, निवासी प्रतापपुर, पर 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया है. पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जिले में बिना वैध दस्तावेज़ों के किसी भी प्रकार का परिवहन पूरी सख्ती के साथ रोका जाएगा और नियम विरुद्ध पाए जाने पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी.

close