सूरजपुर पुलिस ने नाबालिग को ट्रैक्टर चलाते पकड़ा, वाहन मालिक पर लगा 30 हजार का जुर्माना

सूरजपुर: सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और यातायात नियमों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन लगातार सख्ती बरत रहा है. इसी क्रम में डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है. बीते दिन यातायात पुलिस ने एक 17 वर्षीय नाबालिग बालक को बिना ड्राइविंग लाइसेंस और बिना नंबर प्लेट के ट्रैक्टर चलाते हुए पकड़ा.

पूछताछ के दौरान नाबालिग ने बताया कि ट्रैक्टर ग्राम सोहरपुर निवासी प्रदीप जायसवाल का है. पुलिस ने मामले में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 5/180 एवं 199(क) के तहत न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत किया. न्यायालय ने सुनवाई के उपरांत वाहन स्वामी प्रदीप जायसवाल के विरुद्ध ₹30,000 का जुर्माना लगाया है. यह कार्रवाई जिले में यातायात नियमों को लेकर पुलिस की सख्त नीति को दर्शाती है.

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो ने जानकारी देते हुए बताया कि सड़क हादसों की रोकथाम के लिए सूरजपुर पुलिस लगातार यातायात जागरूकता कार्यक्रम चला रही है, जिससे नागरिकों को नियमों का पालन करने की प्रेरणा मिल रही है. उन्होंने कहा कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना समाज में एक गलत संदेश देता है और यह स्वयं उनके जीवन के लिए भी खतरा है.

उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, वैध ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के बाद ही वाहन चलाएं तथा किसी भी परिस्थिति में नाबालिग को वाहन चलाने न दें. नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

close