होली से पहले अवैध शराब पर सूरजपुर पुलिस का बड़ा प्रहार, अंतरराज्यीय तस्कर सहित 14 गिरफ्तार; 1.17 लाख की शराब जब्त

सूरजपुर: होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सूरजपुर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ व्यापक अभियान छेड़ रखा है. डीआईजी व एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार दबिश दी जा रही है. इसी कड़ी में 2 और 3 मार्च 2026 को की गई कार्रवाई में अंतर्राज्यीय शराब तस्करों सहित कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस ने 1 लाख 17 हजार रुपये कीमत की 759 नग अंग्रेजी शराब तथा 12 लीटर महुआ शराब जब्त की है. थाना चांदनी पुलिस को 3 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो मोटरसाइकिलों में चार व्यक्ति मध्यप्रदेश से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब लेकर ठाड़पाथर की ओर बिक्री के उद्देश्य से आ रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम बिहारपुर पुरानटोला में घेराबंदी कर दोनों मोटरसाइकिलों को रोका. तलाशी लेने पर पहली बाइक से संतकुमार सिंह (19 वर्ष) और मिर्जा प्रसाद (26 वर्ष) के कब्जे से 188 नग अंग्रेजी शराब, जिसकी कीमत लगभग 38 हजार 488 रुपये आंकी गई, बरामद हुई.

वहीं दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार रामलगन सिंह (23 वर्ष) और लवकुश पाण्डेय (21 वर्ष) के पास से भी 188 नग अंग्रेजी शराब, कीमत लगभग 27 हजार 568 रुपये, जब्त की गई. दोनों मामलों में शराब और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिलों को जब्त कर धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है. इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रामप्रताप साहू सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही.
इसी क्रम में 2 मार्च की रात थाना सूरजपुर पुलिस द्वारा चेक पोस्ट लगाकर वाहनों की सघन जांच की जा रही थी. जांच के दौरान एक सेंट्रो कार (क्रमांक CG 13 C 1907) को रोका गया. कार की तलाशी लेने पर उसमें 7 पेटी अर्थात 350 नग गोवा अंग्रेजी शराब, जिसकी कीमत लगभग 42 हजार रुपये है, बरामद हुई. वाहन में सवार कामेश्वर सिंह (20 वर्ष) और दिलबोधन सिंह (30 वर्ष), दोनों निवासी जिला सरगुजा, को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई. इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विमलेश दुबे एवं उनकी टीम सक्रिय रही.

चौकी बसदेई पुलिस ने भी मुखबिर की सूचना पर ग्राम जूर में दबिश दी, जहां बिहारीलाल साहू (55 वर्ष) के कब्जे से बिक्री के उद्देश्य से रखी गई 9 लीटर महुआ शराब जब्त की गई. इसी प्रकार ग्राम चोपन में एक आरोपी के पास से 8 नग गोवा अंग्रेजी शराब बरामद की गई. थाना सूरजपुर ने ग्राम सपकरा निवासी से 25 नग गोवा शराब तथा थाना भटगांव ने ग्राम बैजनाथपुर निवासी चमरू राम के पास से 3 लीटर महुआ शराब जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की है.
पुलिस ने केवल तस्करों पर ही नहीं, बल्कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर उपद्रव करने वालों पर भी सख्ती दिखाई है. थाना चांदनी, रामानुजनगर सहित अन्य क्षेत्रों में चार व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 36(च)(1) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं.

डीआईजी व एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी अभियान जारी रहेगा, ताकि होली का त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके. जिले में पुलिस की लगातार सक्रियता से यह संदेश साफ है कि अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और त्योहार के अवसर पर कानून व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा.











