हिमाचल राज्यसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार का सस्पेंस बरकरार, कल नामांकन के साथ होगा खुलासा

हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा की एकमात्र सीट के लिए कांग्रेस उम्मीदवार के नाम को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि उम्मीदवार की घोषणा नामांकन दाखिल करने के समय गुरुवार को की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव को लेकर न तो कोई सस्पेंस है और न ही किसी तरह का डर।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि लोकतंत्र को पिछली बार की तरह बेचा नहीं जाएगा। हिमाचल प्रदेश की 68 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के पास 40 विधायक हैं, जबकि बीजेपी के 28 सदस्य हैं। स्पष्ट बहुमत के बावजूद पार्टी पिछले राज्यसभा चुनाव के अनुभव को लेकर सतर्क है।
फरवरी 2024 में हुए चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार हर्ष महाजन ने कांग्रेस प्रत्याशी अभिषेक मनु सिंघवी को हराया था। उस समय छह कांग्रेस विधायकों ने बीजेपी के पक्ष में मतदान किया था, जिससे दोनों उम्मीदवारों को 34-34 वोट मिले थे। बाद में निर्दलीय विधायकों के समर्थन से बीजेपी को जीत मिली थी।
वर्तमान स्थिति को देखते हुए कांग्रेस ने 5 मार्च को विधायक दल की बैठक बुलाई है। अभी तक न तो कांग्रेस और न ही बीजेपी ने अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा की है। बीजेपी नेताओं का कहना है कि वे तभी उम्मीदवार उतारेंगे जब कांग्रेस का प्रत्याशी हिमाचल प्रदेश से बाहर का होगा।
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक संभावित उम्मीदवारों की सूची में पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, स्वास्थ्य मंत्री धनी राम शांडिल, पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी, आईटी सलाहकार गोकुल बुटैल, प्रवक्ता पवन खेड़ा, राजनीतिक सलाहकार सुनील बिट्टू, एडवोकेट जनरल अनूप रतन और युवा कांग्रेस के नेता निगम भंडारी के नाम चर्चा में हैं।
इन नामों में से किस पर अंतिम मुहर लगेगी, इसका खुलासा नामांकन के समय होने की संभावना है।











