बहराइच में महिला की संदिग्ध मौत, परिजनों में मचा कोहराम

बहराइच: खैरीघाट थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. प्रारंभिक तौर पर महिला द्वारा किसी जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार, खैरीघाट थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत डल्लापुरवा के मजरा मुजहना निवासी 25 वर्षीय मीना देवी, पत्नी मुन्ना, की शुक्रवार शाम अचानक तबीयत बिगड़ गई. परिजनों के मुताबिक, हालत बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.
मृतका के पति मुन्ना ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 5 बजे वह गन्ना बोने के लिए डीजल लेने गए थे. जब वह वापस लौटे तो उनकी छोटी बहन ने बताया कि मीना देवी की तबीयत खराब हो गई है. इसके बाद परिजन उन्हें रामपुर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया.
परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा पर दिखाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया.
पति मुन्ना के अनुसार, होली के मौके पर वह अपनी पत्नी के साथ ससुराल गए थे, जहां किसी बात को लेकर हल्की कहासुनी हुई थी. हालांकि इसके अलावा किसी बड़े विवाद की जानकारी नहीं है. दंपति की एक दो वर्षीय बेटी खुशबू है। उनकी शादी 9 मई 2019 को हुई थी.
इस संबंध में खैरीघाट थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह ने बताया कि मायके पक्ष की सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.











