उत्तर प्रदेश: प्रेम-प्रसंग के विवाद में पत्नी को करंट से मारने का आरोप, शिक्षक पति गिरफ्तार

अमेठी: जिले में विवाहिता चेतना की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी शिक्षक पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा सामने आया है, जिसके विवाद में पत्नी की करंट लगाकर हत्या किए जाने का आरोप है.
घटना अमेठी कोतवाली क्षेत्र के बरामासी स्थित मकान की है, जहां 18 फरवरी को चेतना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतका के पिता, गौरीगंज क्षेत्र के शिवदीन टिकरिया गांव निवासी कृष्ण कुमार पांडेय ने पति उमाकांत शुक्ल समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी थी. इस पर थाना अमेठी में मुकदमा संख्या 41/26 धारा 103(1) व 85 बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया.
उमाकांत ने बिजली का करंट लगाकर पत्नी की हत्या
परिजनों का आरोप है कि उमाकांत शुक्ल का जामो ब्लॉक के एक प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षामित्र महिला से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. चेतना इस संबंध का विरोध करती थी, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था. आरोप है कि इसी विवाद के चलते उमाकांत ने बिजली का करंट लगाकर पत्नी की हत्या कर दी.
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी अमेठी मनोज कुमार मिश्रा के नेतृत्व में थाना अमेठी पुलिस ने 24 फरवरी को मुखबिर की सूचना पर वांछित अभियुक्त उमाकांत शुक्ल (34) निवासी पूरे शिवगुलाम (घूरे का पुरवा) मजरे लोहरता, हाल पता बरामासी को गिरफ्तार कर लिया.
आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही
पुलिस ने घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान आलाकत्ल बिजली का तार (दो टुकड़ों में), प्लास, टेप, टेस्टर और एक एक्सटेंशन बोर्ड बरामद किया है. पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना जारी है और अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.











